home page

पबित्रा मार्गेरिटा 22-25 अप्रैल तक वानुअतु और तुवालू की यात्रा पर रहेंगे

 | 
पबित्रा मार्गेरिटा 22-25 अप्रैल तक वानुअतु और तुवालू की यात्रा पर रहेंगे


नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। भारत की 'एक्ट ईस्ट' नीति और प्रशांत क्षेत्र के देशों के साथ संबंधों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा 22-25 अप्रैल तक वानुअतु और तुवालू की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार यह यात्रा मई 2023 में पोर्ट मोरेस्बी में आयोजित भारत-प्रशांत द्वीप सहयोग मंच (एफआईपीआईसी) के तीसरे शिखर सम्मेलन के दौरान तय किए गए लक्ष्यों को आगे बढ़ाने की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

वानुअतु की यात्रा के दौरान 22-23 अप्रैल को मार्गेरिटा वानुअतु के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री से द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इसके बाद पबित्रा मार्गेरिटा यहां स्थित सूचना प्रौद्योगिकी उत्कृष्टता केंद्र का भी दौरा करेंगे, जिसे भारत सरकार की सहायता से स्थापित किया गया है।

राज्यमंत्री 24 अप्रैल को दो दिवसीय यात्रा के लिए तुवालू रवाना होंगे, जहां वह प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इसके अलावा, भारत के अनुदान सहायता कार्यक्रम के तहत कार्यान्वित की जा रही विकासात्मक सहायता परियोजनाओं की समीक्षा भी करेंगे।

उनकी यह यात्रा प्रशांत द्वीप देशों के साथ राजनीतिक और विकासात्मक सहयोग संबंधों को मजबूत करने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी