केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान ने चंडीगढ़ में सीबीडीसी आधारित डीबीटी का किया शुभारंभ
- पारदर्शी खाद्यान्न वितरण के नए युग की शुरुआत, किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं होगा
चंडीगढ़, 14 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) प्रणाली का शुभारंभ किया। चौहान ने कहा कि यह पहल सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अधिक पारदर्शिता, सुरक्षा और समयबद्धता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि सीबीडीसी आधारित डीबीटी प्रणाली के माध्यम से राशन और खाद्यान्न के लिए निर्धारित राशि सीधे, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से लाभार्थियों तक पहुंचेगी। चंडीगढ़ में शुरू किया गया यह पायलट देशभर में अपनाए जाने के लिए एक मॉडल के रूप में कार्य करेगा। नई व्यवस्था में तकनीकी सुरक्षा उपाय शामिल किए गए हैं, ताकि लाभार्थी प्राप्त राशि का उपयोग केवल खाद्यान्न और अन्य आवश्यक खाद्य वस्तुओं की खरीद के लिए कर सकें तथा राशि का अन्य उद्देश्यों के लिए उपयोग न हो। साथ ही लाभार्थियों को अधिक विकल्प भी मिलेंगे। गेहूं और चावल के अलावा वे दालों अथवा अन्य आवश्यक खाद्य वस्तुओं का विकल्प भी चुन सकेंगे।
चौहान ने इस प्रणाली को विकसित करने के लिए विभागीय टीम और अधिकारियों की सराहना करते हुए इसे एक महत्वपूर्ण तकनीकी नवाचार बताया। चौहान ने स्पष्ट किया कि कृषि नीति और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुनिया के विभिन्न देशों के साथ किसानों से संबंधित सभी समझौते इस सिद्धांत पर आधारित रहे हैं कि राष्ट्रीय हित, किसान हित और जनहित सर्वोपरि रहें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्यवधान संविधान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अपमान हैं तथा राष्ट्रीय हित में आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
चंडीगढ़ बनेगा मॉडल सिटीचंडीगढ़ की विशिष्ट पहचान और यहां के नागरिकों में मौजूद नागरिक चेतना का उल्लेख करते हुए चौहान ने कहा कि यदि शहर में शुरू किया गया यह प्रयोग सफल रहता है, तो इसे धीरे-धीरे देशभर में विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से स्थानीय चुनौतियों का समाधान करने तथा व्यवस्था का विस्तार सुनिश्चित करने का आग्रह किया ताकि इसका लाभ प्रत्येक परिवार तक पहुंच सके। चंडीगढ़ की सराहना करते हुए चौहान ने कहा कि यह शहर अनुशासन, स्वच्छता और नागरिक जिम्मेदारी की मजबूत भावना का परिचायक है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने की। केंद्रीय शिक्षा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी और केंद्रीय उपभोक्ता मामले एवं खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

