home page

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों के समर्थन में शिवसेना का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

 | 
महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों के समर्थन में शिवसेना का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित


-एकनाथ शिंदे ने सभी 15 सांसदों को रविवार को दिल्ली पहुंचने का दिया निर्देश, दोनों सदनों में समर्थन का ऐलान

मुंबई, 28 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के प्रमुख एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में शनिवार को मुंबई में हुई पार्टी के संसदीय दल की बैठक में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयकों के समर्थन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में पार्टी के सभी 15 सांसद मौजूद रहे। शिंदे ने आगामी विशेष संसदीय अधिवेशन के मद्देनजर सभी सांसदों को रविवार को ही दिल्ली पहुंचने का निर्देश दिया, ताकि विधेयकों के समर्थन में पार्टी की एकजुटता प्रदर्शित की जा सके।

मुंबई स्थित नंदनवन आवास पर आयोजित बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में लोकसभा सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे, श्रीरंग बारणे, संदीपन भुमरे, नरेश म्हस्के, रवींद्र वायकर, धैर्यशील माने, ओमराजे निंबालकर, नागेश पाटील आष्टीकर, संजय देशमुख, संजय जाधव और भाऊसाहेब वाकचौरे शामिल हुए। राज्यसभा सांसद डॉ. ज्योति वाघमारे भी मौजूद रहीं। वहीं, केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव, मिलिंद देवड़ा और संजय दिना पाटील वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

पार्टी की ओर से पारित प्रस्ताव की प्रति लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रमुख नेताओं को सौंपी जाएगी।

बैठक के बाद एकनाथ शिंदे ने कहा कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों का समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि इन विधेयकों से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता आसान होगा। उनके अनुसार, प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा की कुल सीटें 543 से बढ़कर 815 हो सकती हैं, जबकि महाराष्ट्र में लोकसभा सीटों की संख्या 48 से बढ़कर 72 होने का अनुमान है। इससे संसद में महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व और मजबूत होगा।

शिंदे ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की विचारधारा पर आगे बढ़ी है। शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे ने भी राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी थी। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पार्टी 'नेशन फर्स्ट' की नीति पर कायम है।

शिवसेना नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। ऐसे समय में केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण कार्यों को आगे बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि शिवसेना के लोकसभा में 13 और राज्यसभा में दो सांसद हैं तथा पार्टी के सभी सांसद दोनों सदनों में विधेयकों के पक्ष में मतदान करेंगे।

परिसीमन की जरूरत बताते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1976 से लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या पर रोक लगी हुई है। मौजूदा स्थिति में एक सांसद को लगभग 20 से 25 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करना पड़ता है। ऐसे में 'एक व्यक्ति, एक वोट और एक मूल्य' के लोकतांत्रिक सिद्धांत को प्रभावी बनाने के लिए निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन जरूरी है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच विकास का संतुलन बेहतर होगा तथा आम नागरिकों के लिए अपने प्रतिनिधियों तक पहुंचना आसान होगा।

शिंदे ने कहा कि उनकी पार्टी इन विधेयकों के समर्थन में पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी। उनके अनुसार, यह फैसला लोकतंत्र को अधिक सशक्त बनाने और देश की राजनीतिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा का विशेष अधिवेशन 30 नवंबर और राज्यसभा का विशेष अधिवेशन 2 दिसंबर से प्रस्तावित है। इस दौरान केंद्र सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पेश करेगी।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अंचल तिवारी