शेख हसीना ने दी शुभेंदु अधिकारी को बधाई
कोलकाता/ ढाका, 08 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद बधाइयों का सिलसिला जारी है। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भी इस जीत पर शुभकामनाएं दी है।
अवामी लीग की ओर से जारी बयान में कहा गया कि शेख हसीना ने विशेष रूप से शुभेंदु अधिकारी को उनकी जीत के लिए बधाई दी। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल और पूरे भारत के लोगों की समृद्धि और कल्याण की कामना की।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह जीत राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत मानी जा रही है। शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता यानी मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने के साथ ही पूर्व मेदिनीपुर क्षेत्र ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले अजय कुमार मुखर्जी 1967 और 1971 में संयुक्त मोर्चा सरकार के मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद करीब साढ़े पांच दशक तक मेदिनीपुर से कोई मुख्यमंत्री नहीं बना। 2026 के चुनाव में ममता बनर्जी को हराने के बाद शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने से नंदीग्राम समेत पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस घटनाक्रम को पश्चिम बंगाल की राजनीति में “खोई हुई प्रतिष्ठा की वापसी” के रूप में भी देखा जा रहा है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

