home page

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर कांग्रेस के आरोपों पर शांता कुमार का पलटवार, बोले- भाजपा को बदनाम करने की कोशिश

 | 
राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर कांग्रेस के आरोपों पर शांता कुमार का पलटवार, बोले- भाजपा को बदनाम करने की कोशिश


शिमला, 10 जुलाई (हि.स.)। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार द्वारा यह कहना कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी भाजपा की सोची-समझी साजिश है, पूरी तरह निराधार और राजनीतिक आरोप है।

शांता कुमार ने शुक्रवार को एक जारी बयान में कहा कि कांग्रेस ने 14 जुलाई को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राम मंदिर प्रांगण में भजन-कीर्तन कर इस कथित घोटाले के विरोध का ऐलान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव सहित विपक्ष के कई नेता भी इस मामले में भाजपा पर निशाना साध रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में कुछ लोगों की संलिप्तता सामने आई है, आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और उच्च स्तर पर निष्पक्ष जांच जारी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कई बार स्पष्ट कर चुके हैं कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

शांता कुमार ने कहा कि किसी आपराधिक घटना के लिए पूरी राजनीतिक पार्टी को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है, लेकिन राज्य में होने वाले सभी अपराधों की जिम्मेदारी सीधे कांग्रेस पर नहीं डाली जा सकती। इसी तरह राम मंदिर चढ़ावा चोरी को भाजपा की साजिश बताना भी तथ्यहीन है।

उन्होंने विपक्ष से अपील करते हुए कहा कि यदि जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की कमी है तो उसे सामने लाकर सुधार के सुझाव दिए जाएं, लेकिन बिना प्रमाण भाजपा पर आरोप लगाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरा देश आहत है और सभी चाहते हैं कि दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिले।

शांता कुमार ने कहा कि विपक्ष को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय जांच में सहयोग करना चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने भाजपा पर लगाए जा रहे आरोपों को महा झूठ और महा बकवास करार देते हुए कहा कि ऐसे बयान जनभावनाओं को आहत करने वाले हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला