home page

पंजाब के शंभू धमाके में मारा गया कट्टरपंथी सांसद अमृतपाल का करीबी

 | 

- बम धमाके में पाकिस्तानी एजेंसियों का हाथ होने की आशंका जताई गई

चंडीगढ़, 28 अप्रैल (हि.स.)। पंजाब के शंभू में बीती रात हुए बम धमाके में पाकिस्तानी एजेंसियों का हाथ हो सकता है। यह आशंका रेलवे की स्पेशल डीजी शशि प्रभा द्विवेदी ने मंगलवार को घटनास्थल का दौरा करने के बाद जताई है।

उन्होंने ये भी खुलासा किया कि जिस वक्त धमाका हुआ, पटरी के ऊपर से मालगाड़ी गुजर रही थी। हालांकि, मालगाड़ी को नुकसान नहीं हुआ, लेकिन ड्राइवर को झटका लगा।

इसके बाद ड्राइवर ने अफसरों को सूचना दी। सूचना के आधार पर जांच टीमों ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि ये भी संभव है कि जिस वक्त ब्लास्ट हुआ, उस समय बम फिट करने वाला भी किनारे खड़ा था और धमाके की चपेट में आ गया, जिससे उसके शरीर के भी चिथड़े उड़ गए।

पटियाला के एसएसपी वरूण शर्मा ने बताया कि धमाके में जिसकी मौत हुई, वही बम फिट करने आया था। उसका नाम जगरूप सिंह है और वह तरनतारन के पंजवड़ गांव का रहने वाला है। उसकी बाइक अमृतसर से बरामद हो चुकी है। उसकी जेब से सरहिंद से राजपुरा की टिकट भी मिली है। उससे मोबाइल बरामद हुआ है, जिसकी कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही है।

पुलिस के मुताबिक जगरूप सिंह खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल का करीबी रहा है। 2024 के इलेक्शन में उसने अमृतपाल का प्रचार किया था। वह पहले दुबई गया था, फिर पंजाब लौटकर निहंग वेश धारण कर लिया। स्पेशल डीजीपी ने कहा कि कॉरिडोर पर यह दूसरा अटैक है। मौके से मिले सामान की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा