home page

केंद्र ने यूएपीए के तहत शहजाद भट्टी नेटवर्क को आतंकवादी संगठन घोषित किया

 | 
केंद्र ने यूएपीए के तहत शहजाद भट्टी नेटवर्क को आतंकवादी संगठन घोषित किया


नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार ने पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क (एसबीएन) को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। सरकार ने गजट अधिसूचना जारी कर यूएपीए की पहली अनुसूची में संशोधन करते हुए शहजाद भट्टी नेटवर्क को आतंकवादी संगठनों की सूची में क्रम संख्या 46 के रूप में शामिल किया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यालय की तरफ से सोशल मीडिया एक्स पर एक आधिकारिक पोस्ट में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आतंकवाद के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को आगे बढ़ाते हुए, गृह मंत्रालय ने शहजाद भट्टी नेटवर्क को यूएपीए के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया है।

शहजाद भट्टी नेटवर्क सीमा पार से हथियारों, विस्फोटकों और मादक पदार्थों की तस्करी के अलावा युवाओं तथा छोटे अपराधियों को आतंकवाद की ओर उकसाने में शामिल है। सिंडिकेट भारत के लोकतांत्रिक ढांचे और सांप्रदायिक सौहार्द को निशाना बनाने के साथ नफरत फैलाने वाली डिजिटल सामग्री भी प्रकाशित करता रहा है।

गजट अधिसूचना में कहा गया है कि शहजाद भट्टी नेटवर्क का उद्देश्य युवाओं और स्थानीय अपराधियों को सीमा पार से हथियार, विस्फोटक और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल करना तथा आतंकवादी गतिविधियों के जरिये देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सांप्रदायिक सद्भाव और आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करना है। अधिसूचना में नेटवर्क से जुड़े सदस्यों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में दर्ज आपराधिक मामलों का भी उल्लेख किया गया है।

अधिसूचना के मुताबिक, नेटवर्क युवाओं को विभिन्न तरह के प्रलोभन देकर कट्टरपंथ की ओर ले जाने, उन्हें राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के लिए प्रेरित करने तथा अन्य प्रतिबंधित संगठनों और नामित संस्थाओं के साथ मिलकर ऐसी गतिविधियों के लिए संसाधन जुटाने में शामिल रहा है। सरकार ने यह भी कहा है कि नेटवर्क डिजिटल संचार मंचों का इस्तेमाल भड़काऊ संदेश और सामग्री प्रसारित करने के लिए करता रहा है।

केंद्र सरकार ने यूएपीए की धारा 35 की शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए अधिनियम की पहली अनुसूची में संशोधन किया है। इसके तहत मौजूदा सूची में 45वें क्रम के बाद नई प्रविष्टि जोड़कर “46. शहजाद भट्टी नेटवर्क (एसबीएन)” को आतंकवादी संगठन के रूप में शामिल किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार