प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भाजपा का देशभर में एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’
नई दिल्ली, 22 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के उपलक्ष्य में देशभर में एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की घोषणा की है। एक माह के महाअभियान के तहत सेवा पखवाड़ा, सेवा में मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, राष्ट्रीय इंनोवेशन चैलेंज सहित कई कार्यक्रम प्रदेश से बूथ स्तर तक आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद विनोद तावड़े ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि नई राष्ट्रीय टीम के गठन के बाद राष्ट्रीय पदाधिकारियों की पहली बैठक हुई। इसके बाद प्रदेश अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों और राज्य स्तरीय टीमों के साथ कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें आगामी अभियान की तैयारियों पर चर्चा हुई।
तावड़े ने कहा कि भाजपा हर वर्ष 17 सितंबर, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करती है। इस वर्ष 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 25 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं।
इन्हीं दोनों अवसरों को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने एक महीने तक चलने वाला राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करने का फैसला किया है। अभियान के तहत देशभर में विभिन्न सेवा और जनसंपर्क से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत इस बार आंगनवाड़ी में काम करने वाली माताओं को उनके सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। आंगनवाड़ी सेविका समाज में योजनाओं को जमीन तक उतारने में अहम भूमिका निभाती है। इस कार्यक्रम के तहत इन सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए विशेष आयोजन किया जाएगा। इसके तहत भाजपा 14 लाख से ज्यादा आंगनवाड़ी केन्द्रों तक पहुंचेगा और वहां कार्यरत महिलाओं को उनकी सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा।
विनोद तावड़े ने बताया कि इसी अभियान के तहत सेवा में मेरा योगदान कार्यक्रम भी चलाया जाएगा। इसके तगत युवा के साथ लोगों से अपील की जाएगी कि वे सेवा करते हुए कोई भी रील बनाएं और उसे सोशल मीडिया पर साझा करें। सेवा कार्यों में स्वच्छता, टीबी उन्मूलन को लेकर कोई भी सेवा के काम को लेकर कार्यकर्ता लोगों को प्रेरित करेंगे कि वे इसकी रील बनाए और प्रसारित करें।
उन्होंने बताया कि महाअभियान के तहत ‘सेवा सेतु अभियान’ भी चलाया जाएगा जिसमें सरकारी योजनाओं से अब तक वंचित पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता की जाएगी। इसके लिए लोग आवश्यक दस्तावेजों के साथ ब्लॉक स्तर पर पहुंचकर आवेदन कर सकेंगे।
इसके साथ
राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज भी आयोजित की जाएगी जिसमें युवाओं को शोधकार्यों से जुड़ी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। यह प्रतियोगिताएं बूथ, ब्लॉक, जिला, प्रदेश स्तर पर आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि आज इसे लेकर राष्ट्रीय स्तर पर कार्य़शाला आयोजित की गई है। आने वाले एक हफ्ते में इस अभियान के क्रियान्वयन को लेकर प्रदेश, जिला, ब्लॉक स्तर पर कार्यशाला होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

