home page

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने युवाओं से संवाद में दिया सफलता का नया मंत्र- अच्छा इंसान और अच्छा नागरिक बनना जरूरी

 | 
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने युवाओं से संवाद में दिया सफलता का नया मंत्र- अच्छा इंसान और अच्छा नागरिक बनना जरूरी


भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने युवाओं से संवाद में दिया सफलता का नया मंत्र- अच्छा इंसान और अच्छा नागरिक बनना जरूरी


जयपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। जयपुर के बिड़ला सभागार में शुक्रवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं के सपनों, संकल्पों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं से संवाद किया। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आये युवा भी इस कार्यक्रम से जुड़े। कार्यक्रम में प्रतिभावान युवाओं ने अपने अनुभव और भविष्य की योजनाएं साझा कीं।

नितिन नवीन ने युवाओं से कहा कि जीवन में सफलता का अर्थ केवल अच्छा चिकित्सक, अभियंता या व्यवसायी बनना नहीं है, बल्कि अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से बड़े लक्ष्य तय करने और जिस काम को हाथ में लें, उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन को छोटी दौड़ की तरह नहीं, बल्कि लंबी यात्रा की तरह देखना चाहिए।असफलता आने पर रुकने के बजाय निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।

उन्होंने युवाओं को शॉर्टकट से बचने और मेहनत को सफलता का आधार बनाने की सीख दी। साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी नई तकनीकों का सकारात्मक उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं में अपनी क्षमताओं पर विश्वास पैदा कर देश को आगे बढ़ाने की भावना मजबूत करना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विकसित भारत-2047 के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से समाज के प्रति संवेदनशील रहते हुए राष्ट्र सेवा से जुड़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं के भविष्य के लिए शिक्षा, कौशल, रोजगार, उद्यमिता, खेल और नेतृत्व के क्षेत्र में अवसर उपलब्ध कराने की बात कही।

उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति, कौशल विकास और युवाओं से जुड़ी विभिन्न केंद्र एवं राज्य सरकार की पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान में भी युवा नीति और कौशल नीति सहित कई पहल लागू की गई हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले ढाई वर्ष में एक लाख 90 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं, जबकि एक लाख 22 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है।

कार्यक्रम में युवाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए विकसित भारत और विकसित राजस्थान के निर्माण में भागीदारी का संकल्प व्यक्त किया। विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले युवा भी संवाद का हिस्सा बने। राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

यह कार्यक्रम युवाओं को केवल रोजगार और करियर की दृष्टि से नहीं, बल्कि चरित्र, जिम्मेदारी, तकनीक के सदुपयोग और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर केंद्रित रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित