home page

डॉ जितेंद्र सिंह ने मिशन कर्मयोगी के तहत वैज्ञानिकों-शिक्षाविदों के लिए प्रशासनिक क्षमता निर्माण कार्यक्रम किया शुरू, ‘उन्नति’ पोर्टल लॉन्च

 | 
डॉ जितेंद्र सिंह ने मिशन कर्मयोगी के तहत वैज्ञानिकों-शिक्षाविदों के लिए प्रशासनिक क्षमता निर्माण कार्यक्रम किया शुरू, ‘उन्नति’ पोर्टल लॉन्च


नई दिल्ली, 05 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने ‘मिशन कर्मयोगी’ के तहत वैज्ञानिकों और शिक्षाविदों के लिए प्रशासनिक क्षमता निर्माण पर आधारित पहला विशेष कार्यक्रम शुरू किया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य अकादमिक और वैज्ञानिक नेतृत्व को प्रशासनिक कौशल और निर्णय क्षमता से सुसज्जित करना है।

केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय ने बताया कि यहां विज्ञान भवन में ‘साधना सप्ताह’ के विशेष सत्र में इस पहल की शुरुआत की गई। डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि वैज्ञानिकों और शिक्षाविदों के लिए अब तक संरचित प्रशासनिक प्रशिक्षण का अभाव रहा है, जिसे यह कार्यक्रम दूर करेगा।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को समय के साथ विकसित किया जाएगा और इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी नई तकनीकों को शामिल किया जाएगा। साथ ही मानवीय निर्णय क्षमता को भी महत्व दिया जाएगा।

डॉ जितेंद्र सिंह ने क्षमता निर्माण आयोग के लिए संसदीय प्रश्नों के उत्तर देने और अधिकारियों के लिए लघु प्रशिक्षण मॉड्यूल विकसित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि शासन प्रणाली को नियम आधारित से आगे बढ़ाकर भूमिका आधारित बनाना जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान ‘उन्नति’ पोर्टल का नया संस्करण और ‘कर्मयोगी कर्तव्य कार्यक्रम’ की रूपरेखा भी जारी की गई। साथ ही क्षमता निर्माण आयोग और आरआईएस के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

इस अवसर पर एसराधा चौहान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि क्षमता निर्माण का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यक्षमता और सेवा वितरण में सुधार लाना है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर