home page

कोलकाता एयरपोर्ट पर विरोध प्रदर्शन के मामले में सौगत राय ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र

 | 
कोलकाता एयरपोर्ट पर विरोध प्रदर्शन के मामले में सौगत राय ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र


कोलकाता, 19 अगस्त (हि.स.)। कोलकाता हवाई अड्डे के बाहर मंगलवार को अपने वाहन को घेरकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किए जाने के मामले में तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत राय ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने भाजपा के दो विधायकों अरिजीत बक्सी और सौरभ शिकदार को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है।

दरअसल, सौगत राय मंगलवार को कोलकाता हवाई अड्डे की सलाहकार समिति की बैठक में शामिल होने के लिए एयरपोर्ट निदेशक के कार्यालय पहुंचे थे। बैठक समाप्त होने के बाद जैसे ही वह अपने वाहन में बैठे, प्रदर्शनकारियों ने वाहन को घेर लिया और ‘चोर-चोर’ के नारे लगाते हुए काले झंडे दिखाए। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने जूते से वाहन के बोनट पर भी प्रहार किया।

पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों के बीच से किसी तरह सौगत राय के वाहन को बाहर निकाला। घटना के बाद सांसद ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की।

सौगत राय ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने मंगलवार की घटना की पूरी जानकारी लोकसभा अध्यक्ष को दी है। उन्होंने कहा कि वह एक जनप्रतिनिधि हैं और घटना में भाजपा के दो जनप्रतिनिधियों की संलिप्तता है। सांसद के अनुसार, उन्होंने अपने पत्र में भाजपा विधायक अरिजीत बक्सी और सौरभ शिकदार के नाम भी दर्ज किए हैं।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव के परिणाम चार मई को घोषित होने के बाद सौगत राय के खिलाफ इस तरह के विरोध का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले दमदम में भी उनके वाहन को घेरकर प्रदर्शन किया गया था। उस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर ‘बूढ़ा चोर’ के नारे लगाए थे और उनके वाहन पर अंडे फेंके थे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर