शनिवार को 2025 का सबसे लंबा दिन, कर्क रेखा पर गायब हो जाएगी छाया
भोपाल, 20 जून (हि.स.)। खगोल विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए 21 जून का दिन बेहद खास होने जा रहा है। शनिवार को इस साल 2025 का सबसे लम्बा दिन होगा और रात सबसे छोटी। इस दिन सूर्य अपनी उत्तर यात्रा के अंतिम पड़ाव कर्क रेखा पर पहुंचने जा रहा है। सुबह सबेरे जब आप योग दिवस पर योग कर चुके होंगे, तब प्रात: 8 बजकर 12 मिनिट पर सूर्य ठीक कर्क रेखा के ऊपर होगा।
नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस खगोलीय घटना को समर सोल्स्टिस कहा जाता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को सूर्य का कर्क रेखा के साथ योग होगा। मध्य प्रदेश में मानसून के आ जाने से इसे मानसूनी योग कह सकते हैं।
सारिका ने बताया कि कर्क रेखा पृथ्वी के 16 देशों, भारत के 8 राज्यों तथा मध्य प्रदेश के 14 जिलों से होकर निकलती है। आज सूर्य, कर्क रेखा पर स्थित नगरों में वहां के निवासियों के ठीक सिर के उपर होगा। इस कारण यहां जीरो शैडो डै की स्थिति होगी। उन स्थानों पर दोपहर में बादल न होने की स्थिति में किसी भी खंबे या टॉवर की छाया उसके आधार के नीचे बनेगी। इससे छाया कुछ पल के लिये दिखाई नहीं देगी।
इस खगोलीय घटना के कारण पृथ्वी के उत्तरी गोलार्द्ध के नगरों में दिन सबसे लंबा और रात सबसे छोटी अवधि की होगी। शनिवार को आपके शहर में भी दिन की अवधि साल की सबसे अधिक होगी। हालांकि, मानसून आने से सूर्य दर्शन कुछ शहरों में ठीक से नहीं हो पायेगा। शनिवार को कर्क रेखा पर पहुंचकर यह अपनी वापसी दक्षिणयात्रा आरंभ करेगा जिसे दक्षिणायन होना कहा जाता है। तो तैयार हो जाएं सबसे लंबे अवधि के दिन में कुछ अच्छा करने के लिएं।
कर्क रेखा पर स्थित भारत के राज्य : गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिमी बंगाल, त्रिपुरा और मिजोरम
कर्क रेखा पर स्थित मध्य प्रदेश के जिले : रतलाम, उज्जैन, आगरमालवा , सीहोर, भोपाल, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सागर, दमोह, कटनी, जबलपुर, उमरिया और शहडोल
21 जून को दिन की अवधि
नगर - सूर्योदय - सूर्यास्त - दिन की अवधि
सिंगरौली - 5:12 - 6:50 - 13:38:04
अनूपपुर - 5:18 - 6:51 - 13:33:22
शहडोल - 5:19 - 6:53 - 13:34:12
कटनी - 5:21 - 6:58 - 13:36:29
दमोह - 5:23 - 7:02 - 13:38:56
उमरिया - 5:25 - 6:59 - 13:33:53
जबलपुर - 5:25 - 6:58 - 13:33:40
नरसिंहपुर - 5:28 - 7:01 - 13:32:42
छिंदवाडा - 5:31 - 7:00 - 13:28:58
विदिशा - 5:33 - 7:08 - 13:35:09
रायसेन - 5:33 - 7:07 - 13:34:20
नर्मदापुरम - 5:34 - 7:06- 13:31:53
भोपाल - 5:35 - 7:09 - 13:34:01
बैतूल - 5:35- 7:04 - 13:28:22
हरदा - 5:38- 7:08 - 13:30:08
आगरमालवा - 5:39- 7:15 - 13:35:59
उज्जैन - 5:41 - 7:15- 13:33:42
देवास - 5:41- 7:13 - 13:31:10
इंदौर - 5:42- 7:14 - 13:31:44
बुरहानपुर - 5:43- 7:09- 13:25:52
रतलाम - 5:44- 7:18- 13:34:20
नीमच - 5:44 - 7:22- 13:38:21
धार - 5:44- 7:16- 13:31:13
राजगढ़ - 5:46 - 7:17 - 13:31:35
झाबुआ - 5:47 - 7:19 - 13:31:57
बडवानी - 5:47 - 7:16 - 13:28:52
खरगौन - 5:47 - 7:13 - 13:26:35
अलीराजपुर - 5:49 - 7:19 - 13:30:02
राज्य के अन्य शहर
अंबिकापुर - 5:12 - 6:45 - 13:33:26
जयपुर - 5:33 - 7:23 - 13:50:07
बूंदी - 5:36 - 7:19 - 13:43:28
जोधपुर - 5:46 - 7:33 - 13:47:20
पाली - 5:46 - 7:30 - 13:44:57
बांसवाडा - 5:46 - 7:21 - 13:35:16-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

