झारखंड के सारंडा जंगल में मुठभेड़, पांच जवान घायल
पश्चिमी सिंहभूम, 15 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच चल रही मुठभेड़ ने बुधवार को और उग्र रूप ले लिया। छोटानागरा थानाक्षेत्र के बलिबा और चडराडेरा के बीच जंगल में हुई इस मुठभेड़ में कोबरा बटालियन 205 के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश सहित कुल 5 जवान घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों को इनपुट मिला था कि कुख्यात नक्सली नेता मिसिर बेसरा अपने दस्ते के साथ इलाके में सक्रिय हं। इसी सूचना पर पुलिस, सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान जंगल में नक्सलियों से आमना-सामना होते ही दोनों ओर से भारी गोलीबारी शुरू हो गई।
मुठभेड़ के दौरान इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आकर घायल हो गए। अन्य जवान—जितेंद्र राय, उत्तम कुमार सेनापति, शैलेश कुमार दुबे और प्रेम को गोली लगने से चोटें आई हैं। शैलेश कुमार दुबे के गर्दन में, उत्तम कुमार सेनापति के हाथ में और अन्य जवानों के पैरों में गंभीर चोटें बताई जा रही हैं। सभी घायलों को बाइक से हेलीकॉप्टर के पास लाया गया और एयरलिफ्ट किया गया। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। दुर्गम जंगल क्षेत्र होने के कारण सभी घायलों को बलिबा गांव से हेलीकॉप्टर के जरिए एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया।
सूत्रों के मुताबिक सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में नक्सलियों को भी भारी नुकसान पहुंचने की संभावना है। हालांकि घने जंगल और अंधेरा होने के कारण अब तक किसी नक्सली के शव या हथियार बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
मुठभेड़ के बाद पूरे चडराडेरा और आसपास के जंगल क्षेत्र को सुरक्षाबलों ने चारों ओर से घेर लिया है। चाईबासा पुलिस, सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन की अतिरिक्त टुकड़ियां मौके पर तैनात कर दी गई हैं। संभावित भागने के रास्तों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
जिला पुलिस मुख्यालय इस पूरे ऑपरेशन की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नक्सलियों के खिलाफ यह अभियान और तेज किया जाएगा ताकि सारंडा क्षेत्र को पूरी तरह उग्रवाद मुक्त बनाया जा सके। एसपी अमित रेणु ने मुठभेड़ होने की पुष्टि की है और बताया है कि अभी घायलों और नक्सलियों की पूरी जानकारी नहीं आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

