home page

विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन

 | 
विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन


विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन


विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन


सारण, 22 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला का आज विधिवत उद्घाटन किया गया। मेला क्षेत्र स्थित मुख्य सांस्कृतिक पंडाल में आयोजित समारोह के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर एवं रिमोट के माध्यम से अत्याधुनिक मेला एप का शुभारंभ कर मेले की शुरुआत की।

मुख्य समारोह में शामिल होने से पूर्व मुख्यमंत्री के सोनपुर आगमन पर जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री सीधे बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान हरिहरनाथ की पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया तथा संपूर्ण बिहार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद वे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुख्य समारोह स्थल पर पहुंचे।

कार्यक्रम के आरंभ में सारण के प्रमंडलीय आयुक्त मनीष कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने उपमुख्यमंत्री सहित मंच पर उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर उनका हार्दिक स्वागत व अभिनंदन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोनपुर के चौमुखी विकास का बड़ा रोडमैप पेश किया। उन्होंने कहा कि आज बड़ा ही हर्ष का विषय है कि वे पुनः बाबा हरिहरनाथ की पावन धरती पर आए हैं। भगवान हरिहरनाथ के आशीर्वाद से अब सोनपुर जिस स्थिति में है, उससे 10 गुना तेज गति से इसका विकास होने जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2024 के अपने दौरे को याद करते हुए कहा कि जब वे उपमुख्यमंत्री के रूप में इस मेले का उद्घाटन करने आए थे, तभी उन्होंने महसूस किया था कि पटना के बिल्कुल करीब लगने वाले इस विश्व प्रसिद्ध मेले को केवल पशुओं की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं रखा जा सकता। इसे सीधे तौर पर राज्य की अर्थव्यवस्था से जोड़ना होगा।

उन्होंने कहा कि सरकार इस मेले को बिहार की समृद्ध संस्कृति और सभ्यता से जोड़ना चाहती है। बिहार की माटी में जो उत्पाद और कलाकृतियां बनती हैं, उन्हें सोनपुर के माध्यम से वैश्विक बाजार का रास्ता दिखाया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि इसी सोनपुर की धरती पर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने का काम किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहां की बाबा हरिहरनाथ मंदिर के लिए 1000 करोड रुपए की विकास की योजना का लक्ष्य रखा है। इसके अलावे उन्होंने सोनपुर से गोपालगंज तक नारायणी पथ की घोषणा किया ।

इसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही, यहां एक आधुनिक टाउनशिप बसाने का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। टाउनशिप को लेकर लोगों के बीच फैल रहे भ्रम को दूर करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी को भी कोई कन्फ्यूजन रखने की जरूरत नहीं है, यहां हर हाल में भव्य टाउनशिप बसेगी। उन्होंने स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रूडी से लगातार हो रही चर्चा का जिक्र किया और अस्वस्थ चल रहे स्थानीय विधायक विनय सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल, कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार, सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधान पार्षद संजय कुमार, सच्चिदानंद राय, वीरेंद्र नारायण यादव, राहुल राज, तथा विधायक जनक सिंह, छोटी कुमारी और कृष्ण कुमार मंटू प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

प्रशासनिक स्तर पर राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, एडीजी कुंदन कृष्णा, पर्यटन विभाग तथा कला एवं संस्कृति विभाग के वरीय अधिकारी, प्रमंडलीय आयुक्त मनीष कुमार, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार सहित कई वरीय पदाधिकारियों ने समारोह में उपस्थित थे।

मेले के औपचारिक उद्घाटन के साथ ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं, सैलानियों और व्यापारियों का जुटान शुरू हो गया है। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग द्वारा आगंतुकों की सुविधा, मनोरंजन और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुख्य सांस्कृतिक पंडाल में अगले एक महीने तक प्रतिदिन देश और प्रदेश के कलाकारों द्वारा विभिन्न कलाओं एवं लोक संस्कृति से जुड़े रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी, जो मेले का मुख्य आकर्षण रहेंगी।

मुख्यमंत्री के आगमन और मेले की भीड़ को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र में पुलिस प्रशासन द्वारा अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। चप्पे-चप्पे पर दंडाधिकारियों और पुलिस बलों की तैनाती की गई है, ताकि मेला शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार