home page

संजय राउत ने अपनी पुस्तक ‘अनलाइकली पैराडाइज’ का किया लोकार्पण, विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना

 | 
संजय राउत ने अपनी पुस्तक ‘अनलाइकली पैराडाइज’ का किया लोकार्पण, विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने सोमवार को अपनी पुस्तक ‘अनलाइकली पैराडाइज’ का यहां संविधान क्लब में विमोचन किया। कार्यक्रम में विभिन्न विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया और केंद्र सरकार की नीतियों तथा जांच एजेंसियों को लेकर आलोचना की।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल, आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल, टीएमसी संसद डेरेक ओब्रायन, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह मौजूद रहे।

संजय राउत ने कहा कि यह पुस्तक उनके संघर्ष का हिस्सा है। मराठी भाषा में यह पुस्तक पिछले छह महीने से लगातार बिक रही है। यह केवल व्यक्तिगत अनुभव नहीं, बल्कि विपक्ष की सामूहिक लड़ाई को दर्शाती है। सत्तापक्ष ने विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर उन्हें जेल में डालने का काम किया। निर्वाचित मुख्यमंत्रियों तक को जेल भेजा गया, लेकिन विपक्ष ने कभी झुकने का काम नहीं किया और लगातार संघर्ष जारी रखा।

तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओब्रायन ने कहा कि एक समय ऐसा माहौल बन गया था जब कई नेता गिरफ्तारी की आशंका में जी रहे थे। संसद के दौरान रोज ऐसे लोगों से मुलाकात होती थी जो किसी भी समय जेल भेजे जाने की आशंका जता रहे थे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कहा कि यह पुस्तक जेल की वास्तविक परिस्थितियों को समझने का अवसर देती है। जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर रहीं और उनका इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है। उन्होंने सभी विपक्षी दलों से एकजुट होकर न्यायालय में संयुक्त याचिका दायर करने की अपील की।

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश में राजनीतिक परिस्थितियां बदल रही हैं और सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया और एजेंसियों के उपयोग को लेकर भी सवाल उठाए।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि जांच एजेंसियां विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाने का माध्यम बन गई हैं। उन्होंने कहा कि कई मामलों में कार्रवाई आगे नहीं बढ़ती, जिससे एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर प्रश्न खड़े होते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर