home page

दक्षिण सिक्किम के समरदोंग में एक सुरंग में गैस लीक, 12 मजदूर फंसे, बचाव कार्य जारी

 | 

गंगटोक, 20 जुलाई (हि.स.)। सिक्किम के दक्षिण जिले में एनएचपीसी की निर्माणाधीन सुरंग में गैस रिसाव की घटना सामने आई है। घटना के समय सुरंग के भीतर करीब 12 मजदूर मौजूद थे, जो अभी भी अंदर फंसे हुए हैं। सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना दक्षिण सिक्किम के समरदोंग स्थित एनएचपीसी परियोजना की सुरंग में हुई, जहां निर्माण और रखरखाव का कार्य चल रहा था। इसी दौरान सुरंग के भीतर मौजूद मजदूरों को अचानक सांस लेने में तकलीफ और दम घुटने की शिकायत होने लगी। इसके बाद तत्काल संबंधित अधिकारियों और आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग, आपदा प्रबंधन की टीमें तथा एनएचपीसी परियोजना के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। सुरंग के बाहर एम्बुलेंस और चिकित्सा दल तैनात किए गए हैं, ताकि बाहर निकाले जाने वाले मजदूरों को तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सके। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रंगपो अग्निशमन विभाग की टीम सबसे पहले सुरंग के भीतर बचाव कार्य के लिए दाखिल हुई, लेकिन अंदर गैस की अधिकता के कारण वे आगे नहीं बढ़ सके। गैस के प्रभाव से अग्निशमन विभाग के कुछ कर्मियों की भी तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल रंगपो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

फिलहाल सुरंग के भीतर गैस रिसाव के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना के संबंध में जिला प्रशासन या संबंधित एजेंसियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रशासन की प्राथमिकता सुरंग में फंसे सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना है, जबकि घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung