साधना सप्ताह-2026 में झांसी रेल मंडल अव्वल, 17 अप्रैल को मिलेगा विशेष पुरस्कार
झांसी, 14 अप्रैल (हि.स.)। ‘आईगॉट कर्मयोगी भारत’ के अंतर्गत आयोजित साधना सप्ताह-2026 (02 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026) के दौरान उत्तर मध्य रेलवे के झांसी रेल मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ‘राष्ट्रीय अधिगम सप्ताह’ में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मंडल ने 77.44 प्रतिशत कार्यरत कर्मचारियों से न्यूनतम 4 घंटे का अध्ययन पूर्ण कराकर यह उपलब्धि हासिल की, जो सतत् सीखने और क्षमता विकास के प्रति उसकी दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए झांसी रेल मंडल को विशेष सम्मान हेतु चयनित किया गया है। यह सम्मान 17 अप्रैल को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री (कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन) डॉ. जितेंद्र सिंह द्वारा प्रदान किया जाएगा।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के कुशल निर्देशन में इस अभियान का सफल संचालन हुआ। वहीं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने मुख्य समन्वयक के रूप में उत्कृष्ट नेतृत्व प्रदान करते हुए कार्यक्रम को प्रभावी रूप से संचालित किया, जिससे इसे व्यापक जनसहभागिता प्राप्त हुई।
मंडल के सभी अधिकारियों ने अपने-अपने कर्मचारियों को 4 घंटे का अध्ययन पूर्ण करने के लिए निरंतर प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त, कल्याण निरीक्षकों ने क्षेत्र स्तर पर सक्रिय रहकर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान किया तथा उन्हें पाठ्यक्रम पूर्ण करने में सहयोग प्रदान किया। विशेष रूप से परिचालन कर्मियों की सक्रिय भागीदारी भी इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण रही।
मंडल रेल प्रबंधक ने इस सफलता पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक समर्पण, निष्ठा और उत्कृष्ट दल-भावना का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ श्रेष्ठ प्रदर्शन जारी रखने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

