home page

क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर आज छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में

 | 
क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर आज छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में


दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़) , 22 अप्रैल (हि.स.)। बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित रहे दंतेवाड़ा जिले के लिए आज का दिन खास होने जा रहा है। आज महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर दंतेवाड़ा प्रवास पर आ रहे हैं। वे छिंदनार, जावंगा जैसे गांवों में बने नए मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन करेंगे।

उनका गीदम ऑडिटोरियम में शिक्षकों-बच्चों से मुलाकात और पनेड़ा क्रिकेट ग्राउंड का उद्घाटन दौरा रद्द हो गया है। सचिन तेंदुलकर के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी आने वाले थे, लेकिन किसी कारण से उनका दौरा रद्द हो गया है।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि यह दौरा केवल एक उद्घाटन कार्यक्रम नहीं है, बल्कि 'मैदान कप' पहल के जरिए जिले के सुदूर गांवों के बच्चों को खेलों से जोड़ने की एक बड़ी योजना है। अधिकारियों के अनुसार सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन और प्रशासन मिलकर 50 खेल मैदान तैयार कर रहे हैं, जिनमें से 15 मैदानों का काम पूरा हो चुका है।

जिला प्रशासन के अनुसार, तेंदुलकर चार्टर्ड प्लेन से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर पहुंचेंगे। वहां से वे हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे दंतेवाड़ा के लिए रवाना होंगे। इसके लिए नक्सल प्रभावित क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और एसपी गौरव राय छिंदनार और पनेड़ा के मैदानों का निरीक्षण कर चुके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल