home page

केंद्र ने अंतरराष्ट्रीय सूर्य दिवस पर ‘रन फॉर सन’ मैराथन की आयोजित, अप्रैल में 2.7 लाख रूफटॉप सौर संयंत्र स्थापना का उत्सव

 | 
केंद्र ने अंतरराष्ट्रीय सूर्य दिवस पर ‘रन फॉर सन’ मैराथन की आयोजित, अप्रैल में 2.7 लाख रूफटॉप सौर संयंत्र स्थापना का उत्सव


नई दिल्ली, 03 मई (हि.स.)। केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय सूर्य दिवस के अवसर पर रविवार को ‘रन फॉर सन’ मैराथन का आयोजन किया। इस दौरान अप्रैल में 2.7 लाख रूफटॉप सौर संयंत्र स्थापित करने की उपलब्धि का भी उत्सव मनाया गया।

मंत्रालय के अनुसार, यहां मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित इस मैराथन में 2 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोगों ने भाग लिया।

इस अवसर पर मंत्रालय के सचिव संतोष कुमार सारंगी ने कहा कि ‘रन फॉर सन’ केवल एक मैराथन नहीं, बल्कि सतत और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में सामूहिक प्रयास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के विस्तार के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा का लाभ प्रत्येक घर तक पहुंचाने पर सरकार का विशेष जोर है।

मंत्रालय ने बताया कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत हासिल की गई है। इस योजना के अंतर्गत अब तक 30 लाख से अधिक रूफटॉप सौर संयंत्र लगाए जा चुके हैं, जिससे देशभर में 45 लाख से अधिक परिवार लाभान्वित हुए हैं।

कार्यक्रम के दौरान देश की सौर ऊर्जा क्षमता में हुई वृद्धि को भी रेखांकित किया गया। 31 मार्च तक भारत की कुल सौर क्षमता 150 गीगावाट तक पहुंच गई है, जो वर्ष 2014 में 2.82 गीगावाट थी। इस प्रकार पिछले वर्षों में सौर ऊर्जा क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

मंत्रालय ने बताया कि देश की कुल स्थापित विद्युत क्षमता का लगभग 50 प्रतिशत अब गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से आ रहा है, जो वर्ष 2030 के लक्ष्य से पहले ही हासिल कर लिया गया है।

भारत वर्तमान में नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के मामले में विश्व में तीसरे स्थान पर है। यह कार्यक्रम देश में सौर ऊर्जा के प्रसार और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर