home page

समाज के दुख को दूर करना स्वयंसेवक की प्रेरणा, राष्ट्र निर्माण में सभी की भागीदारी जरूरी: मोहन भागवत

 | 
समाज के दुख को दूर करना स्वयंसेवक की प्रेरणा, राष्ट्र निर्माण में सभी की भागीदारी जरूरी: मोहन भागवत




आरएसएस के शताब्दी वर्ष के समापन पर दिल्ली में 'राष्ट्र वंदनम' कार्यक्रम, एक लाख से अधिक गणवेशधारी स्वयंसेवक हुए शामिल

नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने रविवार को कहा कि समाज का दुख ही स्वयंसेवकों की प्रेरणा रहा है और इसी भावना ने पिछले 100 वर्षों से संघ के कार्य को आगे बढ़ाया है। राष्ट्र निर्माण पूरे देश का दायित्व है। समाज के सभी लोगों को अपने परिवार, जाति, भाषा, क्षेत्र और राजनीतिक दल से ऊपर राष्ट्र को रखना होगा। भारत में व्यक्ति की स्वतंत्रता और सामाजिक उत्तरदायित्व को साथ लेकर चलने की परंपरा रही है। दुनिया आज भारत की ओर उम्मीद से देख रही है और देश को विश्व कल्याण के लिए अपनी भूमिका निभानी है।

संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यों की पूर्णता पर रविवार को दिल्ली के रोहिणी स्थित समरसता स्थल पर 'राष्ट्र वंदनम' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सरसंघचालक मोहन भागवत ने स्वयंसेवकों और समाज के लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम में एक लाख से अधिक गणवेशधारी स्वयंसेवक उपस्थित रहे। मंच पर पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जगदीश सिंह खेहर, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, उत्तर क्षेत्र के संघचालक पवन जिंदल और प्रांत संघचालक अनिल अग्रवाल भी मौजूद रहे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई वरिष्ठ नेता और संघ पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए। इनके अलावा समाज, राजनीति, खेल और अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोगों की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रही।

मोहन भागवत ने कहा कि संघ ने शताब्दी वर्ष को समाज के साथ संपर्क और संवाद बढ़ाने के अवसर के रूप में इस्तेमाल किया। इस दौरान देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिल्ली प्रांत में भी इसी तरह के आयोजन हुए। हिंदू समाज की ओर से प्रत्येक मंडल और बस्ती में समितियां बनाकर हिंदू सम्मेलन आयोजित किए गए। इन सम्मेलनों की योजना और आयोजन समाज की समितियों ने स्वयं किया। वहीं, स्वयंसेवकों ने भी अपने स्तर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए। इन सभी प्रयासों का उद्देश्य संघ के कार्यों का विस्तार करना, समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना और संवाद को मजबूत करना था। उन्होंने कहा कि इस दिशा में संघ को सफलता मिली है।

सरसंघचालक ने कहा कि स्वतंत्रता के समय पश्चिम के कई विद्वानों को लगता था कि भारत अधिक समय तक एक राष्ट्र के रूप में नहीं टिक पाएगा। उन्हें लगता था कि देश में विविधताओं के कारण लोग आपस में लड़ेंगे और भारत को अपना शासन चलाने के लिए दूसरों की मदद लेनी पड़ेगी। लेकिन वे यह समझ नहीं पाए कि विविधताओं के बावजूद भारत एक राष्ट्र है। उन्होंने परिवार का उदाहरण देते हुए कहा कि बड़े परिवार में भी छोटे-मोटे मतभेद और विवाद होते हैं लेकिन इससे परिवार की एकता समाप्त नहीं होती। इसी तरह देश में भी मतभेद होना स्वाभाविक है। कुछ लोग इन मतभेदों का लाभ उठाकर समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश करते हैं लेकिन यह भारत का स्वभाव नहीं है। सभी को याद रखना चाहिए कि हम भारत के लोग एक हैं।

उन्होंने कहा कि देशभर में भारत को विश्व का अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए नई पीढ़ी में उत्साह दिखाई दे रहा है। युवा इसके लिए मेहनत करना चाहते हैं और उन्हें संवाद, मार्गदर्शन तथा अपने उद्देश्य की स्पष्टता की जरूरत है। उनके भीतर काम करने की क्षमता है और उनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। परिवार, जाति, प्रांत, भाषा, मान्यता, समुदाय और राजनीतिक दल की पहचान राष्ट्र के बाद आती है। भागवत ने कहा कि भारत के लोगों के मन में भारत की भावना जागृत हो रही है। समाज की सामूहिक शक्ति और अच्छे आदर्शों वाले लोगों को साथ लेकर राष्ट्र के पुनर्निर्माण तथा भारत को विश्व में अग्रणी स्थान दिलाने के लिए काम करना होगा। संघ ने इस दिशा में योजनाएं बनाई हैं और उन पर काम भी शुरू हो चुका है।

मोहन भागवत ने विदेशों में भारत, हिंदुत्व और संघ के बारे में फैलाई जा रही गलत सूचनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कई देशों में भारत और संघ के बारे में केवल एक पक्ष की जानकारी पहुंच रही है। इसी वजह से विदेशों में जाकर दूसरा पक्ष रखने और लोगों से संवाद करने की जरूरत महसूस हुई। इस दिशा में पांचों महाद्वीपों में प्रयास किए गए। विदेशों में आम लोगों, अर्थव्यवस्था से जुड़े लोगों, युवाओं और अलग-अलग राजनीतिक विचारधारा वाले नेताओं के बीच भारत को लेकर जिज्ञासा, गर्व और अपेक्षा का भाव देखने को मिला। गलत प्रचार का जवाब देने के अपने स्थान पर महत्व है, लेकिन प्रत्यक्ष संपर्क और संवाद से भारत के प्रति लोगों की सद्भावना और अपेक्षाओं को भी समझा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य केवल एक प्रभावी संगठन खड़ा करना नहीं है बल्कि ऐसा समाज बनाना है जिसमें प्रत्येक व्यक्ति भारत के हित को सर्वोपरि माने। इसका अर्थ यह नहीं है कि सभी लोग संघ की शाखा में आएं, गणवेश पहनें या स्वयं को स्वयंसेवक कहें। समाज का हर व्यक्ति पूरे देश को अपना समझे और उसकी उन्नति के लिए समर्पित हो। इसके लिए लोगों को अपने दोष दूर करने और सद्गुण अपनाने की जरूरत है। समाज में अच्छाई का वातावरण बने और सज्जन शक्ति मौन रहने के बजाय समाज को दिशा देने में सक्रिय भूमिका निभाए। ऐसा स्वावलंबी समाज तैयार होना चाहिए, जो अपने भाग्य और व्यवस्थाओं का संचालन स्वयं कर सके।

भागवत ने कहा कि भारत में ऐसा समाज होना चाहिए जहां स्वतंत्रता हो, अधिकतम संभव समानता के लिए प्रयास हो, किसी के साथ भेदभाव न हो और सभी को सम्मान तथा न्याय मिले। समाज अपनी अस्मिता के आधार पर जीवन की रचना करे और आधुनिक विज्ञान तथा तकनीक का उपयोग भी करे लेकिन अपने चरित्र और सत्य के आधार को न छोड़े। उन्होंने कहा कि भारत का स्वभाव सभी के प्रति सद्भावना रखने और किसी को कष्ट नहीं पहुंचाने का रहा है। दुनिया को सुख और शांति देने वाली व्यवस्था के निर्माण में भारत की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। इसके लिए संघ और समाज की सज्जन शक्तियों को मिलकर ऐसी कार्यशक्ति तैयार करनी होगी, जो समाज को संगठित और सद्गुण संपन्न बनाए।

उन्होंने कहा कि भारत के प्रति दुनिया की अपेक्षाओं और देश के सामान्य लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए केवल इच्छा पर्याप्त नहीं है। इसके लिए उद्यम, परिश्रम और तपस्या की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संघ का काम केवल अपनी सराहना प्राप्त करना नहीं है। संघ की स्थापना भारत को उर्जित अवस्था में ले जाने के प्रयास के लिए हुई थी। डॉ. हेडगेवार ने समाज और देश की दुर्दशा देखकर पहले स्वयं को बदला और फिर समाज को बदलने के लिए काम शुरू किया। उन्होंने अपनी सामर्थ्य, संसाधनों और अनुकूलता-प्रतिकूलता की चिंता किए बिना प्रयास जारी रखे। धीरे-धीरे उनके साथ लोगों का कारवां जुड़ता गया।

मोहन भागवत ने सामाजिक संवेदना को संघ कार्य का आधार बताते हुए कहा कि संवेदना का अर्थ केवल समाज का दुख देखकर दुखी होना नहीं, बल्कि उस दुख को दूर करने के लिए सक्रिय होना है। उन्होंने दिल्ली में संघ के एक शिविर में जयप्रकाश नारायण के आने का प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि जयप्रकाश नारायण ने शिविर में स्वयंसेवकों को बिना किसी लाभ या धन्यवाद की अपेक्षा के लंबे समय तक काम करते देखा था। जब उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनकी प्रेरणा पूछी तो स्वयंसेवकों ने कहा कि अपने समाज का दुख उन्हें चैन से बैठने नहीं देता और वे उसे दूर करने के लिए काम करते हैं। भागवत ने कहा कि समाज केवल तंत्र, व्यवस्था और कानून से नहीं बल्कि अपनेपन और सद्भावना से चलता है। कानून और व्यवस्थाएं सहायक हैं लेकिन उनके पालन के पीछे अपने समाज, देश और शहर के प्रति अपनत्व का भाव होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शताब्दी वर्ष के दौरान संघ ने समाज के विभिन्न वर्गों के साथ सद्भावना बैठकें आयोजित कीं और इन्हें आगे भी जारी रखने का निर्णय लिया है। देश के पुनरुत्थान के लिए समाज के सभी सज्जन व्यक्तियों को किसी न किसी रूप में सक्रिय योगदान देना होगा। इसके लिए स्थानीय कार्यकर्ताओं से परामर्श कर सामूहिक प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस काम के लिए फिर सौ वर्ष नहीं लगाने हैं। समाज की सभी सात्विक शक्तियों को संपर्क और संवाद के माध्यम से इस अभियान से जोड़ना होगा।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जगदीश सिंह खेहर ने भी संघ की 100 वर्षों की यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने 1947 के विभाजन, 1962 के चीन युद्ध और 1984 के सिख दंगों के दौरान एकता तथा देशभक्ति से प्रेरित होकर किए गए संघ के कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। खेहर ने कहा कि संघ विविधता में एकता की बात करता है और इस दिशा में काम करता रहा है। उन्होंने संकट के समय आगे आकर काम करने के लिए स्वयंसेवकों का आभार जताया और कहा कि संघ अपने निर्धारित ध्येय की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर