home page

पंच परिवर्तन से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव : वी. सुरेंद्रन

 | 
पंच परिवर्तन से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव : वी. सुरेंद्रन


पंच परिवर्तन से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव : वी. सुरेंद्रन


पश्चिमी सिंहभूम, 19 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर आयोजित जन गोष्ठी में मुख्य अतिथि एवं भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री वी.सुरेंद्रन ने कहा कि 'पंच परिवर्तन' की अवधारणा के माध्यम से समाज में व्यापक और सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्यों के पालन को राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव बताते हुए युवाओं से इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

रविवार को चाईबासा के माधव सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक,शैक्षणिक, राजनीतिक और व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हुए। अपने विस्तृत संबोधन में वी. सुरेंद्रन ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ ने स्थापना काल से ही समाज को संगठित और सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया है। सेवा, समर्पण और संगठन के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, ग्राम विकास, स्वावलंबन और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में स्वयंसेवकों का योगदान उल्लेखनीय रहा है। संघ का शताब्दी वर्ष केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और समाज के प्रति अपने दायित्वों को और बेहतर तरीके से निभाने का समय है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संघ की विचारधारा और कार्यों पर गंभीरता से चर्चा की और मुख्य अतिथि के विचारों को सराहा।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक