home page

जन्माष्टमी पर यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे चलाएगा विशेष ट्रेनें, मथुरा, वाराणसी और रींगस के लिए मिलेंगी अतिरिक्त सेवाएं

 | 
जन्माष्टमी पर यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे चलाएगा विशेष ट्रेनें, मथुरा, वाराणसी और रींगस के लिए मिलेंगी अतिरिक्त सेवाएं


नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं और यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने मथुरा, वाराणसी और रींगस के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन विशेष सेवाओं के जरिए जन्माष्टमी के दौरान प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने मंगलवार को बताया कि यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने और उनकी सुगम एवं आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें मथुरा के लिए दो जोड़ी अनारक्षित विशेष ट्रेनें, दिल्ली-वाराणसी के बीच विशेष एक्सप्रेस और दिल्ली-रींगस के बीच अनारक्षित विशेष ट्रेन शामिल हैं।

उत्तर रेलवे के अनुसार, हजरत निजामुद्दीन और मथुरा जंक्शन के बीच गाड़ी संख्या 04410/04409 अनारक्षित विशेष ट्रेन 3, 4 और 5 सितंबर को दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी। हजरत निजामुद्दीन से यह ट्रेन सुबह 10:30 बजे रवाना होकर दोपहर 1:05 बजे मथुरा पहुंचेगी। वापसी में मथुरा से दोपहर 1:35 बजे चलकर शाम 4:45 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 04412/04411 हजरत निजामुद्दीन-मथुरा-हजरत निजामुद्दीन अनारक्षित विशेष ट्रेन भी 3, 4 और 5 सितंबर को दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी। यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से सुबह 9:45 बजे रवाना होकर दोपहर 12:20 बजे मथुरा पहुंचेगी। वापसी में मथुरा से दोपहर 12:50 बजे रवाना होकर शाम 4:30 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।

मथुरा जाने वाली दोनों विशेष ट्रेनें ओखला, तुगलकाबाद, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, पलवल, होडल, कोसी कलां, छाता, अझई, वृंदावन रोड और भूतेश्वर सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहरेंगी। इससे दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से मथुरा जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी।

पूर्वांचल की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 04446/04445 दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली विशेष एक्सप्रेस का संचालन किया जाएगा। इसमें वातानुकूलित, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे। दिल्ली से यह ट्रेन 3 और 5 सितंबर को रात 9:10 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 3 बजे वाराणसी पहुंचेगी।

वापसी में वाराणसी से गाड़ी संख्या 04445 विशेष ट्रेन 4 और 6 सितंबर को रात 8:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन नई दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, अयोध्या कैंट और जौनपुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

राजस्थान के खाटूश्यामजी और रींगस जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए गाड़ी संख्या 04415/04416 दिल्ली-रींगस जंक्शन-दिल्ली अनारक्षित विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। दिल्ली से यह ट्रेन 3, 4 और 5 सितंबर को शाम 6:50 बजे रवाना होकर रात 12:40 बजे रींगस पहुंचेगी।

वापसी में रींगस जंक्शन से यह ट्रेन 4, 5 और 6 सितंबर को रात 2 बजे रवाना होगी और सुबह 7 बजे दिल्ली पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में यह ट्रेन दिल्ली सराय रोहिल्ला, दिल्ली कैंट, गुड़गांव, पटौदी रोड, रेवाड़ी, नारनौल और नीम का थाना स्टेशनों पर ठहरेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी