home page

बेटी की याद में गूंजा गीत, आरजी कर कॉलेज में भावुक पल

 | 
बेटी की याद में गूंजा गीत, आरजी कर कॉलेज में भावुक पल


कोलकाता, 10 मई (हि. स.)। आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में रविवार को उस समय भावनात्मक माहौल बन गया, जब एक छात्रा ने गीत के माध्यम से उस मां का स्वागत किया जिसकी बेटी की दर्दनाक मौत ने कभी पूरे राज्य को झकझोर दिया था। हाल ही में विधायक चुनी गईं इस मां के कॉलेज पहुंचते ही वहां मौजूद छात्र-छात्राओं के बीच गहरी संवेदना का वातावरण बन गया।

उपस्थित पार्टी सहयोगी सोनिया जोसफ ने बताया कि कॉलेज परिसर में एक छात्रा ने गीत गाते हुए उनका स्वागत किया। गीत की पंक्तियां थीं— “तुम सच हो, तुम आग हो, तुम लड़ाई का चेहरा हो, बंगाल तुम्हारे साथ है, बुराई के काले चेहरे को तोड़ दो। मैदान में उतर कर लड़ाई करो… तुम मां हो, झूठ को मिटा दोगी और बेसहारों को न्याय मिलेगा।”

गीत आगे बढ़ते हुए मां के संघर्ष और साहस को समर्पित रहा— “तुम सत्य हो, तुम संध्या हो, तुम मां दुर्गा हो। असुरों का दमन तुम्हारे हाथों होगा मां। रत्ना मां की आंखों के आंसुओं का जवाब जनता देगी, अभया के साथ हुए अन्याय का बदला अब जनता लेगी।”

गीत की इन मार्मिक पंक्तियों को सुनते ही वातावरण भावुक हो उठा। बेटी की यादों से जुड़े उसी कॉलेज में खड़ी मां की आंखें नम हो गईं। वहां मौजूद कई छात्र-छात्राएं भी इस दृश्य को देखकर भावुक हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर के लिए परिसर में गहरी खामोशी छा गई और फिर तालियों की गूंज सुनाई दी। कई लोगों ने इस क्षण को अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि इस कॉलेज में हुई छात्रा की मौत की घटना ने राज्य भर में न्याय की मांग को लेकर व्यापक बहस छेड़ दी थी। रविवार को कॉलेज परिसर में गूंजे इस गीत ने उस घटना की स्मृतियों को एक बार फिर ताजा कर दिया और एक मां के संघर्ष को लोगों के सामने भावनात्मक रूप से प्रस्तुत कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता