केंद्रीय गृहमंत्री की अध्यक्षता में बिहार के किशनगंज में सुरक्षा को लेकर समीक्षा बैठक
किशनगंज-पूर्णिया, 25 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अपने तीन दिवसीय दौरे के पहले दिन पूर्णिया हवाई अड्डे से सीमांचल के किशनगंज बुधवार शाम पहुंचे। यहां केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में सुरक्षा के मद्देनजर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, विकास योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
बैठक में संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारी की गई थी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
इससे पहले गृहमंत्री अमित शाह शाम 5.10 बजे बिहार के पूर्णिया हवाईअड्डा पहुंचे। जहां उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, गृहराज्यमंत्री नित्यानंद राय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया।
पूर्णिया में संक्षिप्त ठहराव के बाद वे करीब 5:40 बजे हेलिकॉप्टर/विशेष विमान से किशनगंज के लिए रवाना हुए और लगभग 6:15 बजे किशनगंज एयरपोर्ट पहुंचे।
किशनगंज हवाईअड्डे पर बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल, जिले के वरीय अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने उनका औपचारिक स्वागत किया। वहां से वे सीधे काफिले के साथ जिला परिषद स्थित मेची सभागार पहुंचे, जहां उच्चस्तरीय बैठक की।
बैठक में बिहार सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी, एसएसबी, बीएसएफ सहित अन्य सुरक्षा एवं प्रशासनिक विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

