home page

शिवराज से मिले रेवंत रेड्डी, पीएम आवास, मनरेगा व सूखे पर मांगी मदद

 | 

नई दिल्ली, 28 जुलाई (हि.स.)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए।

बैठक के बाद रेड्डी ने मीडिया से कहा कि पिछले 12 वर्षों में तेलंगाना को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक भी घर स्वीकृत नहीं हुआ, जबकि अन्य राज्यों को बड़े पैमाने पर आवास आवंटित किए गए हैं। उन्होंने राज्य के 11.56 लाख पात्र गरीब परिवारों के लिए आवास मंजूर करने की मांग की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मनरेगा के लंबित फंड जारी करने और नई परियोजनाओं के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने इन मामलों पर जल्द विचार करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री रेड्डी ने राज्य में कम बारिश, सूखे और फसल उत्पादन में आई गिरावट का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने केंद्र से अनुरोध किया कि वह केंद्रीय टीम भेजकर जमीनी स्तर पर हालात का आकलन करे और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराए। उनके अनुसार केंद्रीय मंत्री ने जल्द ही टीम भेजने और हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरम्मा आवास, मनरेगा और कृषि संबंधी समस्याओं पर केंद्र सरकार को लिखित ज्ञापन भी सौंपा गया है। उन्होंने शिवराज को तेलंगाना का दौरा करने का निमंत्रण दिया और उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार राज्य को आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी