गुजरात में बारिश का रेड अलर्ट : अहमदाबाद-सूरत समेत 13 जिलों में खतरा, स्कूल-कॉलेज बंद, अधिकारियों की छुट्टियां रद्द
गांधीनगर, 30 जुलाई (हि.स.)। गुजरात में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग(आईएमडी) ने 31 जुलाई और 1 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की। संभावित आपदा को देखते हुए राज्य सरकार ने हाई अलर्ट घोषित कर प्रभावित जिलों में स्कूल-कॉलेजों में अवकाश तथा सरकारी अधिकारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। अधिकारियों को मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य में 30 जुलाई तक मानसून सीजन की औसतन 55 प्रतिशत बारिश दर्ज की जा चुकी है।
गांधीनगर स्थित स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (एसईओसी) में राहत आयुक्त गौरांग मकवाणा की अध्यक्षता में 'वेदर वॉच ग्रुप' की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी विभागों को राहत एवं बचाव उपकरणों, टीमों और संसाधनों को तत्काल एक्शन मोड में रखने के निर्देश दिए गए। सड़क एवं भवन विभाग को जर्जर भवनों और खतरनाक होर्डिंग्स हटाने तथा कच्चे मकानों और झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों तक समय रहते चेतावनी पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
राहत आयुक्त ने बताया कि राज्य में इस वर्ष बारिश का पैटर्न असामान्य है। वलसाड और नवसारी में सामान्य से लगभग 100 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि धोलका में कुछ ही घंटों में करीब 20 इंच बारिश हुई। दक्षिण गुजरात में बाढ़ जैसी स्थिति बनने से पहले सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय से 53,600 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया तथा बाढ़ में फंसे 9,600 से अधिक लोगों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राज्य में चार मौसम प्रणालियां एक साथ सक्रिय हैं—डीप डिप्रेशन, मानसून ट्रफ, अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस। इन प्रणालियों के प्रभाव से 2 अगस्त तक भारी से अति भारी बारिश और गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। समुद्र में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका के चलते मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
31 जुलाई को अहमदाबाद, बोटाद, भावनगर, आनंद, वडोदरा, छोटा उदयपुर, भरूच, नर्मदा, सूरत, तापी, नवसारी, डांग, वलसाड, दमन और दादरा एवं नगर हवेली में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सुरेंद्रनगर, राजकोट, अमरेली, गांधीनगर, खेड़ा, पंचमहल और दाहोद में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
1 अगस्त को अहमदाबाद, सुरेंद्रनगर, राजकोट और आनंद में रेड अलर्ट रहेगा। जबकि कच्छ, बनासकांठा, पाटन, मेहसाणा, साबरकांठा, गांधीनगर, अरवल्ली, मोरबी, बोटाद, भावनगर और भरूच सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
उधर, पंचमहल जिले में 31 जुलाई और 1 अगस्त को भारी बारिश की आशंका के चलते पावागढ़ मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से दो दिनों तक यात्रा स्थगित करने की अपील की है। राज्य सरकार ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

