home page

मप्र की रतलाम पुलिस ने एक करोड़ की एमडी ड्रग्स के साथ अंतरराज्यीय तस्कर को पकड़ा

 | 
मप्र की रतलाम पुलिस ने एक करोड़ की एमडी ड्रग्स के साथ अंतरराज्यीय तस्कर को पकड़ा


रतलाम, 26 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में वैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक करोड़ की एमडी ड्रग्स के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर काे गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 01 करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय ने शुक्रवार को बताया कि रिंगनोद थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बरखेड़ी फंटा, महू-नीमच फोरलेन हाई-वे के रास्ते ढोढर क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने संदेह के आधार पर युनुस (52) पुत्र नियामत खान पठान निवासी ग्राम कोटड़ी, थाना कोटड़ी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक किलोग्राम एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) बरामद की है।

पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार शुक्रवार दोपहर रिंगनोद थाने पहुंचे और थाना प्रभारी से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रतलाम पुलिस जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल व्यक्तियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद जोशी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा