home page

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारी बहुमत से बनेगी एनडीए की सरकार : रामदास आठवले

 | 
पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारी बहुमत से बनेगी एनडीए की सरकार : रामदास आठवले


नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)।रिपब्लिकन पार्टी ऑफ़ इंडिया (आरपीआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में आरपीआई पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में सभी सीटों पर एनडीए का समर्थन करेगीI इन सभी राज्यों में एनडीए की सरकार बनेगी।

रामदास आठवले ने सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि आरपीआई असम में चार सीटों पर उम्मीदवार खड़े कर रही है तथा अन्य सीटों पर भाजपा व अन्य सहयोगी दलों का समर्थन करेगी। इसी प्रकार केरल में भी आरपीआई एक सीट पर अपना प्रत्याशी उतार रही है तथा बाकी सभी सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों का सहयोग किया जाएगा।

केंद्रीय राज्यमंत्री आठवले ने कहा कि आरपीआई तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की 30 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार रही है तथा बाकी सीटों पर एनडीए के समर्थन में जन समर्थन जुटाएगीI आठवले ने कहा कि आगामी 31 मार्च को पुडुचेरी तथा 5 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के कोलकाता जाकर जन जन तक प्रधानमंत्री की लोक कल्याणकारी नीतियों के विषय में बताएंगे, इसके अतिरिक्त अन्य राज्यों में चुनाव प्रचार की तिथि निर्धारित की जाएगीI

केंद्रीय राज्यमंत्री आठवले ने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में एनडीए की भारी जीत होगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में एनडीए गठबंधन सफलता का नया इतिहास रचेगा। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में लोक कल्याण के लिए किए गए कार्य तथा पांच राज्यों में एनडीए के जन कल्याणकारी नीतियों के माध्यम से हुआ ऐतिहासिक विकास ही भारी सफलता का आधार बनेगा। रामदास आठवले ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश विकास की ओर अग्रसर है एवं देश के अंतिम व्यक्ति तक सभी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना मोदी सरकार की प्राथमिकता है। केंद्र सरकार द्वारा दलित, वंचित एवं पिछड़े वर्ग के कल्याण के लिए विविध प्रकार की योजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति लाभान्वित हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी