रामबन में एनएच-44 पर दो सड़क हादसे, महिला की मौत, 46 घायल
रामबन, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर शुक्रवार सुबह रामबन जिले में सड़क दुर्घटना के दो अलग-अलग मामले सामने आए। हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 46 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है।
रामबन ज़िला प्रशासन के अनुसार, जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे (एनएच-44) पर घटे हादसों में पहली दुर्घटना रामबन के मारोग इलाके में टनल टी-2 के पास हुई। इस हादसे में एक यात्री वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे करीब 38 यात्री घायल हो गए।
इसी हादसे में घायल लोगों को बचाने के लिए जाते समय उसी इलाके में क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) का वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बस वाली पहली दुखद घटना में एक महिला की मौत हो गई है। गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है, जबकि बाकी घायलों का इलाज ज़िला अस्पताल रामबन में चल रहा है। रामबन ज़िला प्रशासन ने पुष्टि की है कि घायलों को हर संभव मदद और चिकित्सा सुविधा दी जा रही है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रामबन में हुए दुखद बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एक पोस्ट में उपराज्यपाल ने लिखा, रामबन में हुए दुखद बस हादसे से मैं बहुत दुखी हूं, जिसमें एक महिला की जान चली गई। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैंने रामबन के डीसी से बात करके सुनिश्चित किया है कि गंभीर रूप से घायल लोगों को जीएमसी जम्मू ले जाया जाए और उन्हें सर्वोत्तम संभव उपचार मिले। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

