home page

लखनऊ अग्निकांड पर राजनाथ सिंह ने जताया दुख

 | 
लखनऊ अग्निकांड पर राजनाथ सिंह ने जताया दुख


लखनऊ, 22 जून (हि.स.)। लखनऊ के सांसद एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ के अलीगंज इलाके में कोचिंग सेंटर में अग्निकांड पर गहरा दुख जताया। सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं तुरंत लखनऊ प्रस्थान कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि लखनऊ में एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में तत्परता से जुटा है तथा पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद ने बताया कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज रात्रि 09.35 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचते ही सीधे अलीगंज स्थित घटना स्थल पर जायेंगे। इसके बाद केजीएमयू जाएंगे।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनहानि पर गहरा दुख जताया। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अलीगंज लखनऊ में आग लगने के कारण हुआ हादसा अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। इस हादसे में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन