home page

आपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को ऐसा सबक सिखाया कि भारत पर हमले की वह सोच भी नहीं सकता: राजनाथ सिंह

 | 
आपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को ऐसा सबक सिखाया कि भारत पर हमले की वह सोच भी नहीं सकता: राजनाथ सिंह


आपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को ऐसा सबक सिखाया कि भारत पर हमले की वह सोच भी नहीं सकता: राजनाथ सिंह


लखनऊ में दूसरे चरण के ग्रीन कॉरिडोर के लोकार्पण व अगले चरणाें के शिलान्यास समाराेह में शामिल हुए राजनाथ सिंह

लखनऊ, 13 मार्च (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आपरेशन सिंदूर में ब्रह्मोस मिसाइल से पाकिस्तान काे ऐसा जवाब दिया गया कि वह फिर कभी उबर भी नहीं पाएगा। भारत की सेना पूरी तरह से सतर्क और देश की सीमाओं की रक्षा के लिए हर समय तैयार रहती है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शु्क्रवार को लखनऊ में दूसरे चरण के ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण और तीसरे व चाैथे चरण के शिलान्यास समाराेह काे संबाेधित कर रहे थे। गोमती नदी के तट पर झूलेलाल पार्क में आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ के सांसद और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ का तेजी से विकास हो रहा है और डिफेंस सेक्टर में भी लखनऊ पीछे नहीं है। यहां ब्रह्मोस मिसाइल, एयरो स्पेस से संबंधित काम भी हो रहा है और यह शहर देश की सुरक्षा व्यवस्था से गहराई से जुड़ा हुआ है।

पाकिस्तान के खिलाफ आपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल से पाकिस्तानी आतंकवादियों को ऐसा मुंहतोड़ जवाब दिया गया कि वे दोबारा ऐसी हरकत करने की सोच भी नहीं सकते हैं। अगर सोचा तो वे इस बार के हमले से कभी उबर भी नहीं पायेंगे। उन्होेंने कहा कि भारत के खिलाफ साजिश रचने वाले हर मंसूबे को करारा जवाब दिया जाएगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि लोग मुख्यमंत्री याेगी काे बुलडोजर बाबा के नाम से जानते हैं। इन्होंने माफियाओं को सही कर दिया, लेकिन बुलडोजर सिर्फ तोड़ने का ही नहीं बल्कि विकास की नयी जमीन भी तैयार करता है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले कुछ ही दिनों में लखनऊ से कानपुर की यात्रा महज 35 से 45 मिनट में पूरी हो सकेगी। उत्तर प्रदेश में बढ़ रहे निवेश का जिक्र करते हुए कहा कि मुझे नहीं लगा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर और जापान की यात्रा पर जा सकेंगे। मुझे लगा था कहीं यह यात्रा स्थगित ना हो जाए मगर वह यात्रा पर गए और वहीं वेशभूषा पहन कर गए और वही खान-पान रखा और जिसका परिणाम है कि उत्तर प्रदेश में जबरदस्त निवेश आया है।

समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रशासन की जिस जमीन पर अतिक्रमण किया गया था, उसी जमीन से कब्जा हटाकर उसी पैसे का प्रोजेक्ट बनाया गया और इसमें शासन ने प्राधिकरण को पैसा नहीं दिया है। उन्होंने अपने महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट लखनऊ को एआई सिटी के रूप में विकसित करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि इस काम के लिए राज्य सरकार ने धन की व्यवस्था कर ली है। उन्होंने कहा कि देश के दुश्मनों को ठिकाने लगाने वाले ब्रह्मोस के इंजीनियर ज्यादातर पॉलीटेक्निक और सरकारी कालेजों से हैं। हम कह सकते हैं कि अब लखनऊ इमर्जिंग टेक्नोलॉजी के रूप में विकसित हो रहा है।

इस समारोह में राज्यसभा सदस्य व प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री प्रोफेसर दिनेश शर्मा, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह समेत कई विधायक व पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह