home page

जगन्नाथ रथयात्रा सनातन सांस्कृतिक परंपरा, सामाजिक समरसता का प्रतीकः राजनाथ

 | 
जगन्नाथ रथयात्रा सनातन सांस्कृतिक परंपरा, सामाजिक समरसता का प्रतीकः राजनाथ


नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा भारत की सनातन सांस्कृतिक परंपरा, सामाजिक समरसता एवं लोककल्याण की भावना का प्रतीक है।

राजनाथ ने गुरुवार को यह बात त्यागराज नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के तत्वावधान में निकाली गयी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान कही। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की समृद्धि, शांति, प्रगति तथा सभी नागरिकों के सुख-समृद्ध जीवन की कामना की। इस दौरान सांसद बांसुरी भी मौजूद रहीं।

राजनाथ ने सभी श्रद्धालुओं एवं देशवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद समस्त देशवासियों पर बना रहे तथा भारत निरंतर विकास, समृद्धि और वैश्विक नेतृत्व के पथ पर अग्रसर रहे। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सेवा के मूल्य को सुदृढ़ करते हैं तथा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सांसद स्वराज ने कहा कि जगन्नाथ रथयात्रा भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का महापर्व है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ सेवा, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को भी सुदृढ़ करते हैं।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रवींद्र चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता यासिर जिलानी, विधायक नीरज बसोया, निगम पार्षद अनीता बसोया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी