home page

राजनाथ सिंह 25 सितंबर को 'अस्सी के राय साहब' पुस्तक का करेंगे विमोचन

 | 
राजनाथ सिंह 25 सितंबर को 'अस्सी के राय साहब' पुस्तक का करेंगे विमोचन


नई दिल्ली, 15 सितंबर (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 25 सितंबर को हिन्दुस्थान समाचार के समूह संपादक और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष रामबहादुर राय के 80वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में पुस्तक 'अस्सी के राय साहब' का विमोचन करेंगे।

कार्यक्रम के आयोजकों के मुताबिक, 'प्रभात प्रकाशन' एवं 'प्रज्ञा संस्थान' के संयुक्त तत्वावधान में यहां के डॉ आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार बनवारी करेंगे। वरिष्ठ पत्रकार राम बहादुर राय के जीवन पर आधारित इस पुस्तक को वरिष्ठ पत्रकार हेमंत शर्मा, मनोज मिश्र, संदीप जोशी और संजीव कुमार ने संपादित किया है।

इस पुस्तक में राजनेताओं, विचारकों और वरिष्ठ पत्रकारों के आलेख शामिल हैं। इनमें राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव, पूर्व केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सत्तापक्ष तथा विपक्ष के कई दिग्गज नेताओं सहित नोबेल पुरस्कार विजेता, ख्यातिप्राप्त रचनाकारों, देश के वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों के आलेख शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिला स्थित रेवतीपुर (ननिहाल) में 4 फरवरी 1946 को एक किसान परिवार में जन्में रामबहादुर राय का मूल निवास सोनाड़ी गांव है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा मालदा (पश्चिम बंगाल) और गाजीपुर में हुई। वर्ष 1965 में काशी हिंदू विश्वविद्यालय में अध्ययन के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् से जुड़े। बाद में 1971 में जयप्रकाश नारायण और 1972 में केएन गोविंदाचार्य के संपर्क में आए। नवंबर 1973 में वह ऐतिहासिक 'बिहार आंदोलन' के प्रमुख सूत्रधार बने। जेपी आंदोलन के दौरान 9 अप्रैल 1974 को मीसा के तहत उनकी पहली गिरफ्तारी हुई।

रामबहादुर राय ने अक्टूबर 1979 में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के निधन के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा। इसकी शुरुआत 'हिन्दुस्थान समाचार' से की। इसके बाद वह जनसत्ता और नवभारत टाइम्स में सेवारत रहे। वर्ष 2006 से 2010 तक वे 'प्रथम प्रवक्ता' पत्रिका से जुड़े रहे। इसके बाद 15 अगस्त 2013 को उन्होंने विचार पत्रिका यथावत की शुरुआत की।

रामबहादुर राय की प्रमुख प्रकाशित पुस्तकों में मंजिल से ज्यादा सफर (पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह की जीवनी), रहबरी के सवाल (पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जीवनी), शाश्वत विद्रोही राजनेता: आचार्य जेबी कृपलानी (जीवनी), भारतीय संविधान की अनकही कहानी (हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी में प्रकाशित) और भानुप्रताप शुक्ल: व्यक्तित्व एवं विचार शामिल है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी