भाजपा ने भारतीय राजनीति में भरोसे के संकट को किया दूर : राजनाथ सिंह
हैदराबाद, 12 जून (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को सिकंदराबाद में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति में किसी भी नेता की सबसे बड़ी पूंजी उसकी विश्वसनीयता होती है और यदि भारतीय राजनीति में भरोसे के संकट को किसी दल ने दूर किया है तो वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) है। हाल के चुनावों में जनता ने उन लोगों को करारा जवाब दिया है जिन्होंने उसका विश्वास तोड़ा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ स्पष्ट नीति अपनाई है और यह तय किया गया है कि न तो सरकार भ्रष्टाचार करेगी और न ही किसी को करने दिया जाएगा।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि उसके शासनकाल में कई बड़े घोटाले सामने आए, जिनमें कोयला घोटाला, 2जी घोटाला और कॉमनवेल्थ घोटाला शामिल हैं, जिनसे देश को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
रक्षा मंत्री ने कहा कि देश के रक्षा क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि डीआरडीओ, रक्षा सार्वजनिक उपक्रम, निजी उद्योग, स्टार्टअप, एमएसएमई और शिक्षा जगत अब पहले से अधिक समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। यह सहयोगात्मक मॉडल भारत की नवाचार से उत्पादन और उत्पादन से संचालन क्षमता की यात्रा को तेज करेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार स्वदेशी रक्षा तकनीक को बढ़ावा देने के लिए रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन पर पूरा भरोसा कर रही है और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में रक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है।
इससे पहले शुक्रवार सुबह बेगमपेट हवाई अड्डे पर पहुंचने पर राजनाथ सिंह का स्वागत सैन्य अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ भाजपा नेताओं ने किया। स्वागत करने वालों में तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव, सांसद बी. लक्ष्मण और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी शामिल रहे।
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि रक्षा मंत्री का हैदराबाद में स्वागत करना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के 12 वर्षों की यात्रा सुशासन, विकास और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है।
रक्षा मंत्री अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान 13 जून को डुंडीगल स्थित वायु सेना अकादमी में 217वें कोर्स की संयुक्त स्नातक परेड (सीजीपी) की समीक्षा करेंगे। यह परेड भारतीय वायुसेना के फ्लाइट कैडेटों के प्रशिक्षण के सफल समापन का प्रतीक होगी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

