home page

छत्तीसगढ़ के रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का निधन

 | 
छत्तीसगढ़ के रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का निधन


रायपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का आज 93 साल की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन से पूरे छत्तीसगढ़ में शोक की लहर है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर की पहली महिला विधायक एवं प्रख्यात पत्रकार जगदीश उपासने तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता व लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने की माताजी रजनी ताई उपासने जी के निधन पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि यह समाचार अत्यंत दुःखद है। जनसेवा और समाज हित के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवारजनों के साथ हैं।ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

रजनी ताई उपासने ने 1977 के विधानसभा चुनाव में जनता पार्टी के टिकट पर जीत दर्ज कर इतिहास रचा था। उस समय उन्होंने कांग्रेस की शारदा चरण तिवारी को मात देकर रायपुर सीट अपने नाम की थी। इस जीत के साथ ही वे रायपुर शहर की पहली महिला विधायक बनीं। राजनीति में आने से पहले से ही वे जनसंघ से जुड़ी सक्रिय कार्यकर्ता रहीं और कई आंदोलनों में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।

रायपुर जैसे शहर में लोकतांत्रिक इतिहास में अबतक सिर्फ एक ही बार महिला विधायक मिलीं और वह थीं रजनी ताई उपासने। 46 साल की उम्र में विधायक बनने वाली रजनी ताई ने अपनी सादगी और समर्पण से राजनीति में अलग पहचान बनाई थी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा