भारतीय रेल ने रनिंग स्टाफ के भत्तों में किया इजाफा, लोको पायलट व ट्रेन मैनेजर सहित हजारों कर्मियों को लाभ
नई दिल्ली, 22 मार्च (हि.स.)। भारतीय रेल ने अपने रनिंग स्टाफ के कल्याण को मजबूत करते हुए किलोमेट्रेज भत्ता और किलोमेट्रेज के स्थान पर दिए जाने वाले भत्ते (एएलके) की दरों में व्यापक वृद्धि की है। यह संशोधन 1 जनवरी 2024 से लागू माना जाएगा, जो महंगाई भत्ते (डीए) के 50 प्रतिशत तक पहुंचने के बाद किया गया है।
रेल मंत्रालय ने रविवार को कहा कि इस निर्णय से लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, फायरमैन, गार्ड (अब ट्रेन मैनेजर) सहित हजारों रनिंग स्टाफ को सीधा लाभ मिलेगा, जो देश के विशाल रेल नेटवर्क को चौबीसों घंटे संचालित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संशोधित दरों के तहत लोको रनिंग स्टाफ को प्रति 100 किलोमीटर किलोमेट्रेज भत्ता और 160 किलोमीटर के लिए एएलके में बढ़ी हुई राशि मिलेगी। लोको पायलट (मेल) को 606 रुपये और 969 रुपये, लोको पायलट (पैसेंजर)/सीनियर मोटरमैन को 600 रुपये और 960 रुपये, तथा लोको पायलट (गुड्स) को 594 रुपये और 951 रुपये मिलेंगे।
इसी तरह शंटिंग ग्रेड-I के लोको पायलट को 461 रुपये और 737 रुपये, जबकि शंटिंग ग्रेड-II को 447 रुपये और 715 रुपये मिलेंगे। सीनियर सहायक लोको पायलट और सीनियर फायरमैन-1 को 447 रुपये (शंटिंग के लिए 287 रुपये) और 715 रुपये, जबकि सहायक लोको पायलट और फायरमैन-1 को 430 रुपये (शंटिंग के लिए 277 रुपये) और 688 रुपये दिए जाएंगे। सीनियर सेकंड फायरमैन को भी समान दरें मिलेंगी, जबकि सेकंड फायरमैन को 362 रुपये (शंटिंग के लिए 216 रुपये) और 579 रुपये मिलेंगे।
ट्रैफिक रनिंग स्टाफ के लिए भी भत्तों में वृद्धि की गई है। मेल/एक्सप्रेस ट्रेन मैनेजर को 549 रुपये और 878 रुपये, सीनियर पैसेंजर एवं सीनियर गुड्स ट्रेन मैनेजर को 543 रुपये और 869 रुपये, तथा गुड्स ट्रेन मैनेजर को 537 रुपये और 859 रुपये मिलेंगे। इसके अलावा सीनियर असिस्टेंट गार्ड/सीनियर ब्रेक्समैन को 320 रुपये और 512 रुपये, तथा असिस्टेंट गार्ड/ब्रेक्समैन को 305 रुपये और 488 रुपये की दर से भत्ता मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि गार्ड पद का नाम बदल कर ट्रेन मैनेजर कर दिया गया है। यह संशोधित दरें रेलवे सेवा (संशोधित वेतन) नियम, 2016 के अंतर्गत लागू होंगी और किलोमेट्रेज भत्ता तथा एएलके की अन्य शर्तें पूर्ववत रहेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

