home page

गरीब व मध्यम वर्ग को बेहतर यात्रा सुविधा देना रेलवे की प्राथमिकता: अश्विनी वैष्णव

 | 

नई दिल्ली, 03 अप्रैल (हि.स.)। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता गरीब और मध्यम वर्ग को सुरक्षित, सुलभ और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों से इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का आह्वान किया।

रेल भवन में देशभर के विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए वैष्णव ने रेलवे परिवार को पिछले वर्ष के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने रेल दुर्घटनाओं में ऐतिहासिक कमी, रिकॉर्ड माल ढुलाई और त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में विशेष ट्रेनों के सफल संचालन को भारतीय रेलवे की छवि में सुधार का प्रमुख कारण बताया।

वैष्णव ने कहा कि रेलवे स्टेशन जनता के सामने भारतीय रेलवे का चेहरा होते हैं, इसलिए उनकी साफ-सफाई और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को यात्री सुविधाओं में सुधार और स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए आवंटित धन का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। भीड़ प्रबंधन पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि विशेषकर त्योहारों के समय यात्रियों को बिना किसी असुविधा के प्लेटफॉर्म तक पहुंचने और ट्रेन में सवार होने की सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने यात्री सुविधा और पहुंच को बेहतर बनाने के लिए योजनाओं को प्राथमिकता देने को कहा।

बैठक में रेलवे परियोजनाओं के लिए लंबित भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को प्रक्रिया तेज करने और आवश्यक होने पर राज्यों के अनुभवी सेवानिवृत्त अधिकारियों की सहायता लेने का निर्देश दिया। रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर वैष्णव ने कहा कि किसी की आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकारों के साथ समन्वय कर मानवीय दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जहां संभव हो, रेलवे ट्रैक पार करने के लिए फुट ओवरब्रिज की बजाय सुविधाजनक और सुलभ अंडरपास को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि अंडरपास अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल होते हैं और आम जनता के लिए ज्यादा उपयोगी साबित होंगे। देश के विभिन्न हिस्सों में ऐसे अंडरपास के निर्माण के लिए पायलट परियोजनाएं शुरू करने का भी निर्णय लिया गया। इनका डिजाइन पैदल यात्रियों के साथ-साथ साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल और कुछ स्थानों पर ट्रैक्टर जैसे वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।

मंत्री ने ट्रेनों की समयपालन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले रेलवे जोन की सराहना करते हुए कहा कि 85 प्रतिशत से अधिक समयपालन बनाए रखना चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि सतत प्रयास, बेहतर योजना और यात्री-केंद्रित दृष्टिकोण के माध्यम से भारतीय रेलवे देशभर में सुरक्षा, सेवा गुणवत्ता और यात्रा अनुभव को और बेहतर बनाता रहेगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार