home page

कानपुर-आनंद विहार के बीच नई दैनिक मेल ट्रेन को मंजूरी

 | 
कानपुर-आनंद विहार के बीच नई दैनिक मेल ट्रेन को मंजूरी


नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई दैनिक मेल ट्रेन सेवा शुरू करने को मंजूरी दी है। ट्रेन संख्या 14153/14154 दोनों शहरों के बीच रातभर की यात्रा सुविधा उपलब्ध कराएगी और इटावा, अलीगढ़, गाजियाबाद समेत प्रमुख स्टेशनों को जोड़ेगी।

रेल मंत्रालय के अनुसार, ट्रेन संख्या 14153 कानपुर सेंट्रल से रात 8:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 14154 आनंद विहार टर्मिनल से रात 11:25 बजे रवाना होकर सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी।

दोनों दिशाओं में ट्रेन 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। कानपुर से आनंद विहार की यात्रा अवधि आठ घंटे 10 मिनट और वापसी में आठ घंटे होगी।

नई दैनिक सेवा के रास्ते में फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद में वाणिज्यिक ठहराव होंगे। रेलवे ने कहा कि नई सेवा से कानपुर और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच अतिरिक्त रेल संपर्क उपलब्ध होगा तथा यात्रियों को रात में यात्रा का सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार