home page

पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के 660 रूट किमी पर 295 करोड़ की लागत से लगेगा कवच 4.0

 | 

नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के 660 रूट किलोमीटर पर कवच संस्करण 4.0 लगाने को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर अनुमानित 295 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

रेल मंत्रालय के अनुसार, इस कार्य को भारतीय रेलवे के शेष हिस्सों में लॉन्ग टर्म इवोल्यूशन (एलटीई) के संचार नेटवर्क के साथ कवच उपलब्ध कराने वाली व्यापक योजना के तहत मंजूरी दी गई है।

कवच भारत में स्वदेशी रूप से विकसित स्वचालित ट्रेन सुरक्षा (एटीपी) प्रणाली है। इसे सिग्नल पार करने की स्थिति (एसपीएडी) और ट्रेनों की टक्कर जैसी घटनाओं को रोकने के लिए विकसित किया गया है। यह प्रणाली ट्रेन की आवाजाही की लगातार निगरानी करती है और आवश्यकता पड़ने पर स्वत: ब्रेक लगा देती है।

रेलवे के मुताबिक, कवच ट्रेनों को अधिकतम अनुमेय गति से सुरक्षित रूप से संचालित करने में सक्षम बनाता है तथा परिचालन की विश्वसनीयता बढ़ाता है। घने कोहरे जैसी प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों में भी यह सुरक्षित रेल संचालन में मदद करता है।

स्वीकृत परियोजना के तहत इज्जतनगर मंडल के शेष रेल खंडों को कवच 4.0 से लैस किया जाएगा। रेलवे के अनुसार, इससे इन चिन्हित रेल खंडों पर सुरक्षा ढांचे को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार