home page

अयोध्या–मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस : सस्ती, तेज और सुविधाजनक यात्रा से आम लोगों को राहत

 | 
अयोध्या–मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस : सस्ती, तेज और सुविधाजनक यात्रा से आम लोगों को राहत


नई दिल्ली, 29 अप्रैल (हि.स.)। अयोध्या और मुंबई के बीच शुरू की गई नई अमृत भारत एक्सप्रेस को आम यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण और किफायती रेल सेवा के रूप में देखा जा रहा है। भारतीय रेल की यह पहल विशेष रूप से गैर-एसी श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा और तेज सफर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।

इस ट्रेन में आधुनिक तकनीक और यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई सुधार किए गए हैं, जिससे सामान्य वर्ग में यात्रा का अनुभव पहले की तुलना में अधिक आरामदायक हो गया है।

अमृत भारत एक्सप्रेस में यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में पुश-पुल तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे दोनों ओर इंजन होने के कारण रफ्तार और समयपालन में सुधार होता है। कोचों में एलईडी लाइटिंग, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और बेहतर वेंटिलेशन की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा साफ-सफाई और सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। कोचों में सीसीटीवी कैमरे और उन्नत ब्रेकिंग सिस्टम लगाए गए हैं, जिससे यात्रा अधिक सुरक्षित बनती है।

यह ट्रेन पूरी तरह नॉन-एसी श्रेणी की है, जिससे इसका किराया आम एक्सप्रेस ट्रेनों के समान या कुछ अधिक रखा गया है। अयोध्या से मुंबई जैसे लंबे रूट पर भी इसका खर्च आम यात्रियों के बजट में रहता है। इससे वे यात्री भी लंबी दूरी की यात्रा कर पाएंगे, जो पहले अधिक किराए के कारण सीमित विकल्पों तक ही रह जाते थे।

अमृत भारत एक्सप्रेस से यात्रियों को कई स्तर पर राहत मिलती है। कम किराया, बेहतर सीटिंग और तेज गति के कारण यात्रा अधिक सहज और समयबद्ध होती है। साथ ही, इस नई सेवा से अन्य ट्रेनों में भीड़ कम होने की संभावना है, जिससे पूरे नेटवर्क पर दबाव घटेगा।

अमृत भारत एक्सप्रेस अयोध्या से सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सतना, जबलपुर, इटारसी, नासिक रोड, कल्याण व ठाणे के रास्ते करीब 28 घंटे में मुंबई पहुंचेगी। इस नई सेवा से काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्री राम मंदिर और शिरडी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी।

अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के लिए अयोध्या निवासी एक यात्री ने कहा कि पहले लंबी दूरी का सफर करना काफी मुश्किल और महंगा लगता था, लेकिन इस नई ट्रेन से कम खर्च में बेहतर सुविधा मिल रही है। इससे हमारे जैसे आम लोगों को बहुत राहत मिली है।

रेलवे के अनुसार, अयोध्या–मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) साप्ताहिक ट्रेन और बनारस–हडपसर (पुणे) ट्रेनों के शुरू होने से देश में अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की कुल संख्या बढ़कर 66 हो गई है। इस तरह की ट्रेनों की बढ़ाेत्तरी से देश की अर्थव्यवस्था पर भी सकारात्मक पड़ता है। अयोध्या जैसे धार्मिक शहर और मुंबई जैसे देशा की आर्थिक राजधानी के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी से पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

आवागमन आसान होने से श्रमिकों, छोटे व्यापारियों और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों को लाभ मिलेगा, जिससे स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी