(अपडेट) गाजियाबाद मालगाड़ी हादसा: अब तक 19 ट्रेनें रद्द, 90 से अधिक ट्रेनें प्रभावित
नई दिल्ली, 21 जुलाई (हि.स.)। गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलमार्ग पर मालगाड़ी के छह लदे हुए डिब्बे पटरी से उतरने की घटना के बाद उत्तर रेलवे का परिचालन अब भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका है।
इस हादसे की वजह से अब तक 19 ट्रेनों को रद्द किया जा चुका है, जिनमें आठ डाउन और शेष 11 अप दिशा की ट्रेनें शामिल हैं। वहीं 90 से अधिक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। इनमें कई ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन किए गए। कई ट्रेनों का आंशिक निरस्तीकरण, कई कोआंशिक प्रारंभ और आंशिक समापन तथा कई ट्रेनों को नियंत्रित संचालित किया जा रहा है। रेलवे की इंजीनियरिंग, परिचालन, सिग्नल एवं सुरक्षा टीमें युद्धस्तर पर बहाली कार्य में जुटी हुई हैं।
उत्तर रेलवे के अनुसार, दुर्घटना के बाद राजधानी, दुरंतो, संपर्क क्रांति, अमृत भारत, गरीब रथ, वंदे भारत, जनशताब्दी, मेल-एक्सप्रेस तथा उपनगरीय ईएमयू और मेमू सेवाओं पर व्यापक असर पड़ा। सबसे अधिक प्रभावित दिल्ली-गाजियाबाद उपनगरीय खंड रहा, जहां दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अब तक रद्द की गई ट्रेनों में गाजियाबाद-दिल्ली ईएमयू (64437), गाजियाबाद-दिल्ली मेमू (64417), गाजियाबाद-नई दिल्ली ईएमयू (64423), गाजियाबाद-दिल्ली ईएमयू (64401), गाजियाबाद-नई दिल्ली लेडीज ईएमयू (64449), गाजियाबाद-शाहदरा ईएमयू (64031), दिल्ली-पानीपत मेमू (64531), पानीपत-दिल्ली मेमू (64536), गाजियाबाद-नई दिल्ली ईएमयू (64425) सहित अन्य सेवाएं शामिल हैं। साथ ही इंटरसिटी एक्सप्रेस (15303) को भी रद्द करने का निर्णय लिया गया। रेलवे सूत्रों के अनुसार कुल रद्द ट्रेनों की संख्या बढ़कर 19 हो चुकी है।
रेलवे ने बताया कि इस दुर्घटना के कारण बड़ी संख्या में ट्रेनों का रास्ता बदलना पड़ा है। इनमें गोल्डन टेम्पल मेल (12904), छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18238), महाबोधि एक्सप्रेस (12397), नंदा देवी एक्सप्रेस (12402), श्रमजीवी एक्सप्रेस (12391), बिहार संपर्क क्रांति (12565), वैशाली एक्सप्रेस (15565), श्रमशक्ति एक्सप्रेस (12451), लखनऊ मेल (12229), प्रयागराज एक्सप्रेस (12417), शिवगंगा सुपरफास्ट (12559), पूर्वा एक्सप्रेस (12303), हावड़ा-दिल्ली दुरंतो (12273) तथा अन्य ट्रेनों को शाहिबाबाद-दिल्ली शाहदरा-दिल्ली-नई दिल्ली मार्ग से संचालित किया गया।
वहीं, तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12309), संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस (12393), हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी (12301), सियालदह-नई दिल्ली राजधानी (12313), राजधानी एक्सप्रेस (12423), रांची-नई दिल्ली गरीब रथ (12877), गोडा-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस (12349), राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस (22361) सहित कई ट्रेनों को टूंडला-आगरा कैंट-पलवल मार्ग से चलाया गया।
इसके अलावा रेलवे को कई ट्रेनों का परिचालन नियंत्रित भी करना पड़ा। इनमें पुरुषोत्तम एक्सप्रेस (12801), लिच्छवी एक्सप्रेस (14005), सद्भावना एक्सप्रेस (14015), विक्रमशिला एक्सप्रेस (12367), सप्तक्रांति एक्सप्रेस (12557), सुहेलदेव एक्सप्रेस (22419), हमसफर एक्सप्रेस (22437), रीवा-आनंद विहार एक्सप्रेस (12427) एवं अन्य ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोककर या थोड़ी देर से चलाया गया।
बहाली कार्य के दौरान कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से समाप्त या आंशिक रूप से चालू किया गया। अलीगढ़-नई दिल्ली ईएमयू (64105) को पहले गाजियाबाद तक सीमित किया गया, बाद में उसे शाहिबाबाद-दिल्ली शाहदरा मार्ग से नई दिल्ली तक चलाया गया। दिल्ली-टूंडला मेमू (64584) को गाजियाबाद से प्रारंभ किया गया, जबकि टूंडला-दिल्ली मेमू (64583) को गाजियाबाद में समाप्त कर उसकी लिंक सेवा को वहीं से संचालित किया गया। गाजियाबाद-पलवल ईएमयू (64052) को नई दिल्ली से प्रारंभ किया गया तथा उसकी लिंक सेवा को नई दिल्ली में समाप्त किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधक तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। दुर्घटनास्थल पर क्रेन, इंजीनियरिंग उपकरण और तकनीकी दलों की मदद से पटरी से उतरे वैगनों को हटाने और ट्रैक बहाली का कार्य लगातार जारी है। सिग्नल एवं ओएचई प्रणाली की भी जांच की जा रही है ताकि परिचालन पूरी तरह सुरक्षित ढंग से बहाल किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

