home page

सूरत में नित्यानंद राय का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- घुसपैठियों के सहारे कर रही राजनीति

 | 
सूरत में नित्यानंद राय का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- घुसपैठियों के सहारे कर रही राजनीति


सूरत, 05 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने गुरुवार को सूरत में विशेष गहन पुनरीक्षण ( एसआईआर) के मुद्दे पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2014 से अब तक कांग्रेस 56 विधानसभा चुनावों में शर्मनाक हार का सामना कर चुकी है। इतनी हार के बावजूद आत्ममंथन करने के बजाय कांग्रेस घुसपैठियों और फर्जी मतदाताओं के सहारे राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भारत में बांग्लादेश जैसी कठपुतली सरकार बनाने की साजिश रच रही है। नित्यानंद राय ने जोर देकर कहा कि भारत के युवाओं के रोजगार और देश के संसाधनों पर पहला अधिकार केवल देशवासियों का है। किसी भी विदेशी घुसपैठिए द्वारा गैरकानूनी तरीके से देश के संसाधनों पर कब्जा करने की कोशिश को भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि देश को कमजोर करने की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी और भारत 1947 के विभाजन जैसी गलतियों को दोबारा नहीं दोहराएगा।

नित्यानंद राय ने चुनाव आयोग की प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस के विरोध पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत के इतिहास में हुए 12 विशेष गहन पुनरीक्षण में से 10 कांग्रेस के शासनकाल में हुए थे। इसके बावजूद आज कांग्रेस इसी प्रक्रिया का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग नोटिस, जांच और संबंधित पक्षों को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर देने के बाद ही नियमों के अनुसार मतदाता सूची से नाम हटाता है। कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल भी इसे नियमित प्रक्रिया स्वीकार कर चुके हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में देशहित और गरीब कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय कांग्रेस सदन से बाहर चली जाती है और 'वोट चोरी' तथा 'वोट पलटमेंट' जैसे मुद्दे उठाकर लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करती है। नित्यानंद राय ने कहा कि जब चुनाव में कांग्रेस को हार मिलती है, तब वह ईवीएम और चुनावी संस्थाओं पर सवाल उठाती है।

स्वामी विवेकानंद की भविष्यवाणी का किया उल्लेख

स्वामी विवेकानंद का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनका बचपन का नाम नरेंद्र था और उन्होंने भविष्यवाणी की थी कि 21वीं सदी भारत की होगी। नित्यानंद राय ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत उस संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे का विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं के परिश्रम से भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनेगा। परिवारवाद और भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस देश की इस प्रगति को स्वीकार नहीं कर पा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे