राजीव गांधी की जयंती पर राहुल ने पिता को किया याद, सोनिया की आत्मकथा साझा कर बताया संघर्ष का प्रतीक
नई दिल्ली, 20 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने पिता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर अपनी मां सोनिया गांधी की नवंबर में आने वाली आत्मकथा का चित्र साझा करते हुए सोनिया को संघर्ष का प्रतीक बताया।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि `पापा के जाने के बाद मैंने आपको हर मुश्किल का सामना साहस और गरिमा के साथ करते देखा। केवल प्रियंका और मैं जानते हैं कि आपके लिए जीवन कितना कठिन रहा। मुझे गर्व है कि आपकी कहानी अब लाखों लोग पढ़ पाएंगे।'
राहुल ने कहा कि `सोनिया गांधी जैसी निजी जीवन पसंद करने वाली शख्सियत के लिए अपनी पूरी कहानी दुनिया के सामने रखना बेहद कठिन रहा होगा। आज पापा की जयंती पर मैं उन्हें मुस्कुराते हुए देख सकता हूं, जो अपनी खूबसूरत सोनिया पर गर्व कर रहे हैं।'
उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी की आत्मकथा “बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव” इस साल 10 नवंबर को आने वाली है। किताब 544 पन्नों की है और इसमें सोनिया गांधी की इटली से भारत तक की निजी और राजनीतिक यात्रा का विस्तार से वर्णन है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

