home page

राहुल गांधी पुष्कर पहुंचे, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर में करेंगे संवाद

 | 
राहुल गांधी पुष्कर पहुंचे, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर में करेंगे संवाद


अजमेर, 01 जून (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सोमवार सुबह अजमेर के निकट तीर्थराज पुष्कर पहुंचे। वे किशनगढ़ हवाई अड्डे से सड़क मार्ग के जरिए पुष्कर स्थित कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे, जहां राजस्थान और दिल्ली प्रदेश के कांग्रेस जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है।

किशनगढ़ हवाई अड्डे पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, विधायक विकास चौधरी सहित कई कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया। प्रशिक्षण स्थल पर गोविंद सिंह डोटासरा, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा तथा अजमेर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल सहित अन्य नेताओं ने उनकी अगवानी की। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भी कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन अंतिम समय में उनका दौरा निरस्त हो गया।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी प्रशिक्षण शिविर में राजस्थान और दिल्ली प्रदेश के कांग्रेस जिलाध्यक्षों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वे संगठनात्मक विषयों, आगामी चुनावों की तैयारियों, जनसंपर्क, डिजिटल एवं सोशल मीडिया प्रबंधन तथा जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने के मुद्दों पर संवाद करेंगे। राहुल गांधी जिलाध्यक्षों के परिवारजनों से भी मुलाकात करेंगे। पुष्कर स्थित वाइल्ड रोज रिसॉर्ट में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाले राजस्थान और दिल्ली प्रदेश के 65 जिलाध्यक्षों के परिवार के सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया है। राहुल गांधी ने परिवारजनों से मुलाकात कर उनके साथ फोटो भी खिंचवाई।

कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली तथा कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित कई वरिष्ठ नेता पूर्व में भी प्रशिक्षण शिविर में भाग ले चुके हैं। प्रशिक्षण शिविर में जिलाध्यक्षों को कांग्रेस की विचारधारा, संगठन प्रबंधन, जनसंपर्क, नेतृत्व विकास, डिजिटल संचार तथा आगामी चुनावी रणनीति से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर के दौरान कांग्रेस नेताओं ने विभिन्न गांवों में रात्रि प्रवास कर आमजन से संवाद और फीडबैक भी लिया है। राहुल गांधी सोमवार शाम तक पुष्कर में रहकर प्रशिक्षण शिविर के विभिन्न सत्रों में भाग लेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष