home page

राहुल गांधी ने छात्र प्रदर्शन पर रिजिजू के बयान की निंदा की, कहा- बच्चों से झूठ मत बोलिए

 | 
राहुल गांधी ने छात्र प्रदर्शन पर रिजिजू के बयान की निंदा की, कहा- बच्चों से झूठ मत बोलिए


नई दिल्ली, 18 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को लेकर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के बयान की निंदा की है। उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को छात्रों से माफी मांगनी चाहिए।

राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में कहा कि मोदी सरकार के मंत्री दिल्ली पुलिस की तारीफ करने की बात कह रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि संसद से आधा किलोमीटर दूर शांतिपूर्ण छात्रों पर पैलेट गन और कील लगी लाठियां चलने तथा छात्रों के घायल होने के बावजूद क्या ऐसी कार्रवाई की तारीफ की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह खुद उन घायल बच्चों से मिले हैं। हजारों वीडियो देश ने देखे हैं। सरकार पहले बच्चों पर लाठी चलाती है और बाद में कहती है कि कुछ हुआ ही नहीं।

राहुल ने आरोप लगाया कि सरकार का मूल मंत्र 'असत्य और हिंसा' है। पूरे सत्र के दौरान गृहमंत्री अमित शाह विपक्ष से दूर रहे और प्रधानमंत्री ने अब तक छात्रों से माफी नहीं मांगी है। देश के बच्चों से झूठ मत बोलिए। उनके पास आंखें हैं और याददाश्त भी है। देश के लिए सबसे बड़ा खतरा ऐसे लोग हैं, जिन्हें अपनी गलती दिखाई नहीं देती और गलती दिखने पर भी वे उसे स्वीकार नहीं करते।

उल्लेखनीय है कि रिजिजू ने हाल में जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस और प्रशासन की प्रशंसा की थी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान किसी प्रदर्शनकारी की मौत नहीं हुई और किसी को ऐसी गंभीर चोट नहीं लगी, जिसके कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़े। रिजिजू ने छात्र प्रदर्शन की तुलना पिछली कांग्रेस सरकारों के दौरान हुए विरोध प्रदर्शनों से भी की थी और दावा किया था कि उस दौर में ऐसे आंदोलनों में हजारों लोगों की मौत हुई थी। राहुल ने इसी बयान को लेकर रिजिजू पर निशाना साधते हुए प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ कथित बर्बरता का मुद्दा उठाया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर