चुनाव 26: राहुल गांधी आज असम में करेंगे चुनाव प्रचार
गुवाहाटी, 02 अप्रैल (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज़ हो गई है और विभिन्न दलों के शीर्ष नेता लगातार चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। इसी सिलसिले में लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी असम में कांग्रेस के चुनाव प्रचार को और तेज करते हुए गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर राज्य में पहुंचे रहे हैं। इस दौरान वह बोकाजान और तिताबर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा तथा कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार राज्य में चुनाव प्रचार को आगे बढ़ा चुके हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी सुबह विशेष विमान से दिल्ली से रवाना होकर डिमापुर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वहां से वह हेलीकॉप्टर के जरिए कार्बी आंगलोंग जिले के बोकाजान जाएंगे, जहां वह एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे।
बोकाजान की सभा के बाद राहुल गांधी जोरहाट जिले के तिताबर में एक अन्य महत्वपूर्ण जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां वह ऊपरी असम के मतदाताओं से संवाद करेंगे। दिनभर के कार्यक्रम के अंत में उनके जोरहाट से विशेष विमान द्वारा दिल्ली लौटने की संभावना है।
प्रधानमंत्री बुधवार को भाजपा और एनडीए समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार कर वापस जा चुके हैं। वहीं, वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह और अमित शाह भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में रैलियां और जनसभाएं कर चुके हैं।
दूसरी ओर, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी पार्टी और विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार अभियान चलाकर जा चुकी हैं। बुधवार को ऊपरी असम में जनसभाएं करने के बाद वह 4 अप्रैल को फिर से असम दौरे पर आएंगी।
इस बीच, राहुल गांधी फिर 5 अप्रैल को क्रमशः बोकाजान और धेमाजी में चुनाव प्रचार करेंगे। इसके अलावा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी 6 अप्रैल को राज्य के दौरे पर आने वाले हैं, जिससे चुनावी मुकाबला और तेज़ हो गया है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

