home page

केंद्रीय मंत्री और विपक्ष ने रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

 | 
केंद्रीय मंत्री और विपक्ष ने रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। भारत के राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ के रचयिता, नोबेल पुरस्कार से सम्मानित महान कवि, साहित्यकार और शिक्षाविद गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और आआपा के राष्ट्रीय संयाेजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों तथा साहित्यिक विरासत को नमन किया।

केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर को नमन करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति, साहित्य, शिक्षा, उनके विचार और कालजयी रचनाएं आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरणा देती रहेंगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुदेव को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने साहित्य और चिंतन के माध्यम से भारतीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि ‘गीतांजलि’ के जरिए टैगोर ने विश्व पटल पर भारत की आत्मा को अभिव्यक्ति दी और शांतिनिकेतन की स्थापना कर शिक्षा को मानवीय मूल्यों से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त किया। उनके विचार और आदर्श सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रवीन्द्रनाथ टैगोर को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें नोबेल पुरस्कार विजेता, दूरदर्शी कवि, दार्शनिक, शिक्षाविद, समाज सुधारक और मानवतावादी बताया। उन्होंने कहा कि भारत के राष्ट्रगान के रचयिता और विश्व के महानतम साहित्यकारों में शामिल टैगोर की करुणा, रचनात्मकता और प्रगतिशील सोच की कालजयी विरासत आज भी मानवता को प्रेरित कर रही है।

पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि रवीन्द्रनाथ टैगोर ने भारतीय साहित्य, संस्कृति और शिक्षा-जगत को नई चेतना प्रदान की। उन्होंने कहा कि टैगोर की रचनाओं में राष्ट्रप्रेम, मानवीय संवेदना, प्रकृति और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। शिक्षा को जीवन से जोड़ने की उनकी अवधारणा तथा भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रसार के लिए किए गए उनके प्रयास आज भी प्रासंगिक हैं।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुदेव को नमन करते हुए कहा कि भारत को महान राष्ट्रगान देने के लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि टैगोर का अमर और असाधारण साहित्य युगों-युगों तक देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ के रचयिता, नोबेल पुरस्कार से सम्मानित महान कवि और साहित्यकार का जीवन भारतीय संस्कृति, राष्ट्रचेतना और मानवता के प्रति समर्पित था। उनका कालजयी साहित्य समाज को कर्तव्य, सेवा और सांस्कृतिक गौरव के पथ पर निरंतर अग्रसर करता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी