पंजाब में आआपा के दो सांसद लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
- पार्टी ने जारी की 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची
चंडीगढ़, 12 नवंबर (हि.स.)। पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आआपा) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने गुरुवार को 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी ने दो मौजूदा सांसदों और चार महिला उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं, सात मौजूदा विधायकों के टिकट काटकर नए चेहरों पर भरोसा जताया गया है।
आम आदमी पार्टी ने सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा और सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया है। दोनों सांसदों को विधानसभा चुनाव में उतारना पार्टी का महत्वपूर्ण चुनावी फैसला माना जा रहा है।
इसके साथ ही आम आदमी पार्टी द्वारा अब तक घोषित उम्मीदवारों की कुल संख्या 71 हो गई है। इससे पहले पार्टी ने 31 अक्टूबर को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।
आम आदमी पार्टी की ओर से जारी दूसरी सूची में निम्नलिखित उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा गया है। सुजानपुर से स्वर्ण सलारिया, पठानकोट से रोहित स्याल, गुरदासपुर से रमन बहल, दीनानगर से शमशेर सिंह, कादियां से गुर इकबाल सिंह माहल, फतेहगढ़ चूड़ियां से हरजोत बंटी सिंह रंधावा (जोबन रंधावा), राजा सांसी से सोनिया मान, मजीठा से तलविंदर सिंह गिल, अमृतसर उत्तर से करमजीत सिंह रिंटू, पट्टी से जसकंवर सिंह गिल (जस्सा पट्टी), भोलथ से एडवोकेट हरसिमरन सिंह, कपूरथला से दविंदर पाल सिंह रंगा, फगवाड़ा से डॉ. राजकुमार चब्बेवाल, फिल्लौर से हरजोत कौर लोहटिया, शाहकोट से बलवीर सिंह पाला जलालपुर, जालंधर सेंट्रल से नितिन कोहली, जालंधर उत्तर से वनीत धीर, जालंधर कैंट से दीपक बाली, आदमपुर से पवन कुमार टीनू, मुकेरियां से सरबजोत सिंह साबी, नवांशहर से रॉबी कंग, चमकौर साहिब से जसवीर सिंह गढ़ी, खरड़ से परमिंदर सिंह गोल्डी, दाखा से डॉ. केएनएस कंग, जगरांव से सरबजीत कौर माणुके, अबोहर से डॉ. सुहानी डोडा, बल्लुआना से अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर, लंबी से रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां, बठिंडा ग्रामीण से गोपाल सिंह, बरनाला से गुरमीत सिंह मीत हेयर, शुतराना से वनिंदर कौर लूंबा को चुनाव मैदान में उतारा है।
दो सांसद लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
आम आदमी पार्टी की दूसरी सूची में सबसे अहम फैसला दो मौजूदा सांसदों को विधानसभा चुनाव में उतारने का रहा है। होशियारपुर से सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है, जबकि संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला से उम्मीदवार बनाया गया है।
दोनों नेताओं को विधानसभा चुनाव में उतारने के फैसले के बाद पंजाब के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सात मौजूदा विधायकों के कटे टिकट
आम आदमी पार्टी ने दूसरी सूची में सात मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए हैं। पार्टी ने कई विधानसभा क्षेत्रों में नए उम्मीदवारों को मौका देकर चुनावी समीकरण साधने का प्रयास किया है। वहीं, कई पुराने चेहरों पर भी दोबारा भरोसा जताया गया है।
अब तक 71 उम्मीदवारों की घोषणा, 46 सीटों पर बाकी फैसला
पंजाब की कुल 117 विधानसभा सीटों में से आम आदमी पार्टी अब तक 71 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। पार्टी ने 31 अक्टूबर को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जबकि अब 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की गई है।
इसके बाद प्रदेश की शेष 46 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा होना बाकी है। आम आदमी पार्टी की ओर से चुनाव से पहले लगातार उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने से पंजाब में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

