home page

पंजाब के सात जिले बाढ़ की चपेट में, राज्य के स्कूल 30 अगस्त तक बंद

 | 

चंडीगढ़, 26 अगस्त (हि.स.)। पंजाब में सात जिलों के बाढ़ की चपेट में आने तथा कई जिलों में बाढ़ की स्थिति पैदा होने के बाद राज्य सरकार ने सभी स्कूल 30 अगस्त तक बंद कर दिए हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार की शाम सोशल मीडिया 'एक्स' पर लिखा कि पिछले दिनों से भारी बारिश हो रही है और मौसम विभाग की ओर से आगे भी कुछ दिनों तक भारी बारिश होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसे देखते हुए राज्य के सभी प्राइमरी, सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी सरकारी और प्राइवेट स्कूल 27 अगस्त से 30 अगस्त तक बंद रहेंगे। मौसम विभाग पठानकोट, गुरदासपुर, बरनाला, संगरूर और मनसा में बारिश का रेल अलर्ट जारी किया गया है। अब तक सात जिले बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। रणजीत सागर डैम और भाखड़ा डैम से लगातार पानी छोड़े जाने से रावी, सतलुज और ब्यास नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।

तरनतारन और फिरोजपुर में हरिके हेडवक्र्स से छोड़े गए पानी के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। ब्यास नदी पर बने चक्की रेलवे पुल के नीचे से मिट्टी धंसने से पठानकोट-जालंधर रेलवे रूट बंद कर दिया गया है। इससे 90 ट्रेनें प्रभावित हुईं। कुछ को पठानकोट-अमृतसर-जालंधर रूट से रवाना किया जा रहा है। पठानकोट के कजला गांव से 6 लोग हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू किए गए। गुरदासपुर में मकोड़ा पत्तन के 7 गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया। प्रशासन ने गुरदासपुर के लिए स्पेशल हेल्पलाइन नंबर जारी किए। अमृतसर में तीन मंजिला तीन इमारतें एक साथ गिर गईं। बिल्डिंग लंबे समय से खाली थी, जिसके चलते जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा