home page

पंजाब: तेज रफ्तार कार ने मजदूरों को कुचला, 8 की मौत

 | 
पंजाब: तेज रफ्तार कार ने मजदूरों को कुचला, 8 की मौत


पंजाब: तेज रफ्तार कार ने मजदूरों को कुचला, 8 की मौत


- अलीशेर गांव के पास दर्दनाक हादसा; पानी पीने के लिए सड़क किनारे रुके थे मजदूर, कार छोड़कर चालक फरार

संगरूर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब के संगरूर जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। हादसा लहरागागा-जाखल रोड पर अलीशेर गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठे मजदूरों के समूह को कुचल दिया। मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर संगरूर के गांव अलीशेर में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पंजाब सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही, घायलों का पूरा इलाज पंजाब सरकार की ओर से मुफ्त करवाया जाएगा। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि फरार कार चालक को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण के तहत काम करने वाले करीब 25 मजदूर मौके पर मौजूद थे। इनमें से कुछ मजदूर सड़क किनारे पानी पीने के लिए रुके हुए थे। इसी दौरान जाखल की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, हादसा शाम करीब 5:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कार ने पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर मजदूरों के समूह में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

संगरूर के पुलिस अधीक्षक पलविंदर चीमा के अनुसार, कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। कार पटियाला निवासी परगट सिंह के नाम पर पंजीकृत बताई जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान करमजीत कौर, जीवन सिंह, निक्की, सरबजीत कौर, रणजीत कौर, करमजीत, रानी कौर और देश राज के रूप में हुई है। सभी अलीशेर और आसपास के गांवों के निवासी बताए गए हैं।

जिला उपायुक्त पूनमदीप कौर ने बताया कि जिला प्रशासन घायलों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवा रहा है।

संगरूर के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि अस्पताल में आठ लोगों को लाया गया था, जिनमें से एक को मृत अवस्था में लाया गया। उन्होंने कहा कि पांच घायलों की हालत स्थिर है, जबकि दो को बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया है।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH